Bihar Weather: सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, बिहार में बदला मौसम का मिज़ाज, 72 घंटे रहना होगा सावधान
Bihar Weather: सुबह और शाम हल्का कुहासा किसी रेशमी चादर की तरह धरती को ढक लेता है, तो रात ढलते ही सर्द हवाओं की सरगोशी बदन में कनकनी घोल देती है। ...
Bihar Weather: बिहार के आसमान पर इन दिनों मौसम की नज़ाकत छाई हुई है। सुबह और शाम हल्का कुहासा किसी रेशमी चादर की तरह धरती को ढक लेता है, तो रात ढलते ही सर्द हवाओं की सरगोशी बदन में कनकनी घोल देती है। हालांकि दिन चढ़ते ही सूरज अपनी शफ्फ़ाक किरणों के साथ निकल आता है और ठंड के असर को कुछ हद तक मुलायम कर देता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज यानी शनिवार को बिहार के किसी भी जिले में घने कोहरे का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। यह खबर आम लोगों के लिए राहत लेकर आई है। हालांकि ठंड पूरी तरह रुख़सत नहीं हुई है। 12 फरवरी से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे इज़ाफ़ा दर्ज किया जाएगा, जिससे मौसम का मिज़ाज कुछ नरम पड़ेगा।
पिछले कुछ दिनों से पछुआ हवाओं की रफ्तार में तेजी आई है। उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों से आ रही ये ठंडी हवाएं 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बह रही हैं, जिससे रात का तापमान लुढ़क गया है। शुक्रवार को किशनगंज, गया समेत 8 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया। नतीजतन, सुबह और रात के वक्त ठंड का एहसास और गहरा हो गया है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने, हवा की कम गति और वातावरण में बनी नमी की वजह से कोहरा और हल्की ठंड बनी हुई है। वहीं 8 फरवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिसका हल्का असर बिहार तक पहुंचने के आसार हैं।
फरवरी के महीने में सूर्य की किरणें ज्यादा देर तक ज़मीन पर टिकती हैं, इसी वजह से दिन में हल्की गर्माहट महसूस हो रही है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी संभव है और ठंड का असर धीरे-धीरे कम होगा।
राजधानी पटना में सुबह धुंध या हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है, लेकिन दिन में धूप खिलने से राहत मिलेगी। यहां न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री और अधिकतम 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
इस बीच पटना के हेल्थ एक्सपर्ट्स ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है सुबह-शाम गर्म कपड़े, ठंडे पानी से परहेज़ और धूप का भरपूर लुत्फ़ उठाने की नसीहत दी जा रही है। कुल मिलाकर, बिहार का मौसम इन दिनों सर्दी और राहत के दरमियान झूलता हुआ नज़र आ रहा है।