Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी के बीच बारिश का अलर्ट, इन दिन इन जिलों में बरसेंगे बदरा, लू को लेकर भी चेतावनी जारी

Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने लू को लेकर भी चेतावनी जारी की है। आने वाले कुछ दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। वहीं 17 अप्रैल को कुछ जिलों में बारिश की भी संभावना है।

गर्मी
भीषण गर्मी का अलर्ट जारी - फोटो : AI Image

Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी का दौर जारी है। गर्मी अपना तेवर दिखा रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने कुछ जिलों में बारिश की भी संभावनाएं जताई है।  पिछले तीन दिनों से राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप और शुष्क हवाओं के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित किया है तो वहीं 17 अप्रैल को कुछ जिलों में बारिश हो सकती है। वहीं 18 अप्रैल से एक बार फिर गर्मी का तांडव देखने को मिलेगा। कई जिलों में लू की स्थिति बन सकती है।

पटना में लू जैसे हालात 

राजधानी पटना समेत कई जिलों में दोपहर के समय लू जैसे हालात बन रहे हैं, जिससे लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। मंगलवार को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहा, जिसके चलते तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, कैमूर जिले का भभुआ मंगलवार को 39.9 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। वहीं, प्रदेश के अन्य हिस्सों में अधिकतम तापमान 30.5 से 39.9 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। दूसरी ओर, सीवान के जीरादेई में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। विशेषज्ञों के मुताबिक पछुआ हवाओं के कारण गर्मी का असर और अधिक महसूस किया जा रहा है।

अगले दिनों में और बढ़ेगी गर्मी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले 3 से 4 दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है। 16 अप्रैल तक बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे गर्मी से राहत की उम्मीद कम है। हालांकि, 17 अप्रैल को सीमांचल के अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

18 अप्रैल से लू का खतरा, येलो अलर्ट जारी

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 18 अप्रैल से गर्मी और अधिक खतरनाक रूप ले सकती है। दक्षिण और मध्य बिहार के बक्सर, कैमूर, रोहतास, भोजपुर, औरंगाबाद, गया और पटना जैसे जिलों में लू का गंभीर असर देखने को मिल सकता है। इन क्षेत्रों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। आशंका है कि इन जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, जिससे हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ेगा।