Bihar weather:आसमान से बरसेगी आफत, बिहार के 14 जिलों में महाबारिश का अलर्ट, तबाही की आशंका से घरों में रहने की सख्त हिदायत! घबड़ाए नहीं, सतर्क रहे
Bihar weather:बिहार में पिछले तीन दिनों से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। तेज
Bihar weather:बिहार में पिछले तीन दिनों से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। तेज तूफानी पुरवा हवाओं और मूसलाधार बारिश ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में जनजीवन को प्रभावित किया है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब और कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय होने के कारण राज्य भर में लगातार बारिश का दौर जारी है। बिहार मौसम सेवा केंद्र ने शनिवार को राजधानी पटना समेत कुल 14 जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, औरंगाबाद, गया, नवादा और पश्चिमी चंपारण में अत्यधिक बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बेगूसराय, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, खगड़िया, समस्तीपुर, सीवान और मुंगेर जिलों में दिन के समय मूसलाधार बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी पटना की बात करें तो बीते दो दिनों के भीतर ही यहाँ 80 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है, जिससे शहर के कई निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है। पटना सहित प्रदेश के लगभग सभी जिलों में शनिवार को दिनभर घने बादल छाए रहेंगे और शाम तक आंशिक से मध्यम दर्जे की बारिश होने के पूरे आसार हैं। बिहार मौसम सेवा केंद्र का मानना है कि बंगाल की खाड़ी का सिस्टम रविवार तक प्रभावी रहेगा, जिसके कारण शनिवार रात और रविवार सुबह तक कमोबेश यही स्थिति बनी रहेगी। हालांकि, रविवार दोपहर के बाद से मौसम के धीरे-धीरे साफ होने की उम्मीद है। मानसून की इस अंतिम बारिश के थमते ही आसमान साफ होगा और इसके बाद दिन के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। तापमान बढ़ने से लोगों को एक बार फिर उमस और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

बारिश और तूफानी हवाओं के कारण राज्य के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में असर देखा जा रहा है। तेज हवाओं की वजह से कई जगहों पर पेड़ और बिजली के पोल गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है।
बिहार मौसम सेवा केंद्र ने अलर्ट वाले जिलों के नागरिकों और किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। भारी बारिश और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले मैदानों, जलभराव वाले क्षेत्रों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने का आग्रह किया गया है। जलजमाव वाले निचले इलाकों में प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
फिलहाल, इस मानसूनी बारिश ने जहाँ एक तरफ लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है, वहीं दूसरी तरफ जलजमाव और तेज हवाओं ने दैनिक गतिविधियों पर ब्रेक लगा दिया है। रविवार से मौसम साफ होने के बाद ही जनजीवन के सामान्य होने की उम्मीद है।
