उमस का सितम, बारिश बेअसर, बिहार में मानसून की धीमी चाल ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, पटना समेत बाकी प्रदेश में चिपचिपाने वाली गर्मी का कहर जारी
Bihar Weather: बिहार में मानसून अभी पूरी तरह से रफ्तार नहीं पकड़ सका है। आसमान में बादलों की आवाजाही लगातार बनी हुई है..
Bihar Weather: बिहार में मानसून अभी पूरी तरह से रफ्तार नहीं पकड़ सका है। आसमान में बादलों की आवाजाही लगातार बनी हुई है, लेकिन बारिश का असर ज़्यादातर इलाकों में नजर नहीं आ रहा। नतीजतन सूबे के अधिकांश जिलों में लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल हैं। पसीना थमने का नाम नहीं ले रहा और दिनभर चिपचिपी गर्मी ने आम जनजीवन को मुश्किल में डाल दिया है। हालांकि पूर्वी और उत्तरी बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई, लेकिन इससे मौसम में कोई खास राहत नहीं मिली।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बिहार के निचले वायुमंडल में नमी भरपूर मौजूद है, मगर बारिश कराने वाली मजबूत मौसमी प्रणाली फिलहाल सक्रिय नहीं है। बादल तो बन रहे हैं, लेकिन अधिकांश जगहों पर बरस नहीं पा रहे। दूसरी ओर धूप पूरी तरह नहीं निकल रही और हवाओं की रफ्तार भी बेहद कम है। यही वजह है कि वातावरण में नमी लगातार बनी हुई है और लोगों को सामान्य गर्मी से कहीं ज्यादा उमस का एहसास हो रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को प्रदेश के पांच जिलों के लिए आंधी, बारिश और तेज़ हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज़ हवा के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं बाकी जिलों में बादलों की आवाजाही तो बनी रहेगी, लेकिन बारिश की उम्मीद बेहद कम है।
बीते 24 घंटों के दौरान बगहा और बेगूसराय में हल्की बारिश व बूंदाबांदी रिकॉर्ड की गई, जबकि पटना, सीतामढ़ी और बेतिया समेत कई जिलों में धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग का कहना है कि 20 जुलाई से मानसून दोबारा सक्रिय हो सकता है। इसके बाद राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर अच्छी बरसात के आसार हैं।
बारिश की गतिविधियां बढ़ते ही तापमान में गिरावट आएगी और उमस की शिद्दत से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग का यह भी अनुमान है कि अगले तीन दिनों के भीतर मौसम करवट ले सकता है और बिहार में एक बार फिर झमाझम बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता ।