बिहार में मौसम का रेड अलार्म, 27 जिलों पर ऑरेंज अलर्ट, गरज-चमक के साथ भारी बारिश और बिजली का खतरा, पटना में बढ़ता गंगा का जलस्तर बना नई टेंशन

Bihar Weather: मौसम विभाग ने आज यानी सोमवार को राज्य के 27 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Bihar weather
आसमान से आफत की चेतावनी- फोटो : social Media

Bihar Weather: बिहार में मानसून ने एक बार फिर ज़ोरदार दस्तक देकर अपना पूरा असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम का मिज़ाज अचानक बदल गया है और आसमान पर घने बादलों का डेरा जमने से कई इलाकों में बारिश, तेज़ हवाओं और बिजली गिरने का ख़तरा मंडराने लगा है। मौसम विभाग ने आड यानी सोमवार को राज्य के 27 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को एहतियात बरतने की नसीहत दी है। विभाग के मुताबिक कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

राजधानी पटना में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जबकि शाम तक हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। तेज़ हवा और गरज-चमक के साथ मौसम का मिज़ाज और भी सख्त हो सकता है। मौसम वैज्ञानिकों ने साफ कहा है कि लोग बेवजह घरों से बाहर निकलने से बचें और ख़राब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।

ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में सीतामढ़ी, शिवहर, वैशाली, पटना, जहानाबाद, गया, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, नालंदा, नवादा, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, मुंगेर, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, भागलपुर, बांका और कटिहार समेत कुल 27 जिले शामिल हैं। इन इलाकों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है, इसलिए खेतों, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है।

उधर, लगातार हो रही बारिश ने नदियों के तेवर भी तल्ख़ कर दिए हैं। पटना और मुंगेर में गंगा नदी का जलस्तर तेज़ी से बढ़ रहा है। केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के अनुसार मुंगेर में गंगा का जलस्तर हर घंटे करीब 2 सेंटीमीटर की रफ्तार से ऊपर चढ़ रहा है। इससे दियारा और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की बेचैनी बढ़ गई है। प्रशासन हालात पर लगातार नज़र बनाए हुए है, जबकि लोगों से अफ़वाहों से दूर रहकर केवल आधिकारिक मौसम और प्रशासनिक सूचना पर भरोसा करने की अपील की गई है।