Bihar Weather: बिहार से मॉनसून की समय से पहले विदाई, उमस ने बढ़ाई बेचैनी, 6-9 अक्टूबर तक छिटपुट बारिश के आसार
Bihar Weather: बिहार में मॉनसून की रवानगी इस बार तय वक्त से पहले शुरू हो गई है। ...
Bihar Weather: बिहार में मॉनसून की रवानगी इस बार तय वक्त से पहले शुरू हो गई है। राज्य के आधे से ज्यादा हिस्से से शनिवार को मॉनसून विदा हो चुका है और अब अगले एक-दो दिनों में पूरे बिहार से इसके पूरी तरह लौटने के आसार हैं। आमतौर पर बिहार से मॉनसून की वापसी की मानक तारीख 10 से 11 अक्टूबर मानी जाती है। ऐसे में इस बार करीब एक सप्ताह पहले मॉनसून की विदाई मौसम के मिजाज में बदलाव का साफ इशारा दे रही है।
मॉनसून की बारिश थमते ही बिहार में उमस भरी गर्मी ने फिर जोर पकड़ लिया है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब एक डिग्री और न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। गया में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री ऊपर रहे। भागलपुर में अधिकतम तापमान डेढ़ डिग्री और न्यूनतम एक डिग्री अधिक रहा, जबकि मुजफ्फरपुर में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ऊपर दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक अगले एक-दो दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खुश्क रहने की उम्मीद है। हालांकि वातावरण में नमी बरकरार रहने के कारण आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। अगले पांच दिनों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। वहीं 6 से 9 अक्टूबर के बीच पटना समेत बिहार के अलग-अलग हिस्सों में छिटपुट बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
शनिवार को पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में सबसे अधिक 6.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पटना समेत राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहा। इसी दौरान 11 जिलों के अधिकतम तापमान में इजाफा दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले दो दिनों में बारिश की गतिविधियों में भारी कमी आई है। मॉनसून की वापसी की रेखा अब सुपौल, रांची, रायपुर, बेमेतरा, परभणी और बारामती से होकर गुजर रही है। मॉनसून के पीछे हटने के साथ उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मौसम में बदलाव तेज हो रहा है।
राजधानी पटना में 4 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम 25°C रहने का अनुमान है। 5 अक्टूबर को अधिकतम पारा 33°C, जबकि 6 अक्टूबर को यह 32°C तक पहुंच सकता है। 6 और 7 अक्टूबर को हल्की बारिश तथा बादल छाए रहने की संभावना है। यानी मॉनसून भले ही बिहार से कूच कर रहा हो, लेकिन जाते-जाते कुछ इलाकों में फुहारों की सौगात दे सकता है।