Bihar Weather: बिहार के 18 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट, पटना के लोगों को उमस करेगा परेशान
Bihar Weather: बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब धीरे-धीरे विदाई की राह पर है। राज्य से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है, लेकिन जाते-जाते भी मौसम का मिजाज पूरी तरह शांत नहीं हुआ है।...
Bihar Weather: बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब धीरे-धीरे विदाई की राह पर है। राज्य से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है, लेकिन जाते-जाते भी मौसम का मिजाज पूरी तरह शांत नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने बुधवार को बिहार के 18 जिलों में हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को आंधी और बिजली गिरने के दौरान एहतियात बरतने की हिदायत दी है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा फिलहाल सुपौल से होकर गुजर रही है। मानसून के धीरे-धीरे पीछे हटने के साथ राज्य में बारिश का असर भी कम होता जा रहा है। हालांकि, वातावरण में मौजूद मौसमी सिस्टम की वजह से कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवा का सिलसिला बना रह सकता है।
समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर ऊपर उत्तर-पूर्व बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक एक ट्रफ लाइन सक्रिय है। यह झारखंड और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रही है। इसी सिस्टम के प्रभाव से बिहार के कई हिस्सों में बादल छाने और हल्की बारिश होने के आसार हैं। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
येलो अलर्ट वाले जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार शामिल हैं। इन जिलों में मौसम के करवट लेने के साथ हवा की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के आसपास रहने से बचने की सलाह दी गई है।
बीते 24 घंटे में मुंगेर, गया, बांका और मोतिहारी समेत कुछ जिलों में बारिश दर्ज की गई। वहीं राजधानी पटना में दिनभर धूप और छांव का सिलसिला चलता रहा। पटना में आज मौसम गर्म और उमस भरा रहने की संभावना है। दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में इजाफा हो सकता है, जबकि मौसमी सिस्टम के असर से बीच-बीच में बादल भी मंडरा सकते हैं। फिलहाल राजधानी में बारिश की संभावना कम है।
इसके अलावा समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर ऊपर दक्षिण बिहार से विदर्भ तक एक अन्य ट्रफ बना हुआ है, जो पूर्वी मध्य प्रदेश से होकर गुजर रहा है। इसके असर से दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
आने वाले दिनों में मानसून की वापसी और साफ होती जाएगी। राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है, लेकिन कुछ जिलों में स्थानीय मौसमी गतिविधियों के कारण हल्की बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है।