Bihar Weather: बिहार में बदलने लगा मौसम का मिजाज, गुलाबी ठंड की दस्तक, सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड
Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। सर्दियों की आहट के साथ ही राज्य के कई इलाकों में सुबह और रात के वक्त हल्की धुंध छाने लगी है।
Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। सर्दियों की आहट के साथ ही राज्य के कई इलाकों में सुबह और रात के वक्त हल्की धुंध छाने लगी है। वहीं, तापमान में गिरावट के कारण लोगों को गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा है। दीपावली के त्योहार के बीच मौसम का यह सुहाना अंदाज लोगों के लिए राहत और खुशियों का पैगाम लेकर आया है। सुबह हल्की ठंडक और दिन में खिली धूप से मौसम खुशनुमा बना हुआ है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, फिलहाल बिहार में मौसम सामान्य और अनुकूल बना रहेगा। अगले चार से पांच दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहने की संभावना है। दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिलेगी, जबकि सूर्यास्त के बाद तापमान में गिरावट के चलते सर्दी का एहसास बढ़ सकता है। फिलहाल बारिश को लेकर कोई संभावना नहीं जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आसपास के वायुमंडलीय क्षेत्र में दो चक्रवाती परिसंचरण की स्थिति बनी हुई है। पहली चक्रवाती स्थिति दक्षिण-पूर्वी बांग्लादेश और उसके आसपास के इलाकों में समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर मौजूद है। वहीं, दूसरा चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पूर्वी असम और आसपास के क्षेत्रों में करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर बना हुआ है। इन मौसमी गतिविधियों पर मौसम वैज्ञानिकों की लगातार नजर बनी हुई है। हालांकि, फिलहाल इनका बिहार के मौसम पर किसी बड़े प्रतिकूल प्रभाव का संकेत नहीं है।
मौसम विभाग की नजर एक नए पश्चिमी विक्षोभ पर भी टिकी हुई है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 10 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इसके प्रभाव और आगे होने वाले मौसमी बदलावों पर निगरानी रखी जा रही है।बिहार में फिलहाल दिन और रात के मौसम में अंतर साफ दिखाई देने लगा है। सुबह के समय हल्की धुंध और ठंडी हवा लोगों को सर्दियों के आगमन का एहसास करा रही है। हालांकि, दिन में धूप निकलने के बाद मौसम अपेक्षाकृत गर्म और आरामदायक हो जा रहा है।
राज्य के सभी जिलों को फिलहाल मौसम विभाग ने ग्रीन जोन में रखा है। यानी अभी किसी जिले के लिए विशेष मौसमी चेतावनी जारी नहीं की गई है। कुल मिलाकर दीपावली के दौरान मौसम सुहाना रहने की उम्मीद है। साफ आसमान, खिली धूप और रात की हल्की ठंड त्योहार की रौनक को और बढ़ाएगी।