Bihar Weather: बिहार में मानसून की विदाई तेज, धूप - उमस बढ़ाएगी लोगों की परेशानी

Bihar Weather: बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का सिलसिला तेज हो गया है। अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े से पहले ही मौसम का मिजाज गर्म बना हुआ है।

Bihar Weather
धूप और उमस बढ़ाएगी लोगों की परेशानी- फोटो : social Media

Bihar Weather: बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का सिलसिला तेज हो गया है। अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े से पहले ही मौसम का मिजाज गर्म बना हुआ है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम सामान्य और ज्यादातर शुष्क रहने की संभावना है। बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात को लेकर फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। ऐसे में लोगों को दिन के वक्त तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ सकता है।

मानसून की वापसी तेज, बिहार के बाकी हिस्सों पर नजर

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा फिलहाल सुपौल से होकर गुजर रही है। अगले दो दिनों के दौरान पूर्वी भारत के कुछ और हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए मौसमी परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इसके मद्देनजर बिहार के शेष इलाकों से भी मानसून की विदाई की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है।

मानसून की वापसी के साथ ही प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने लगी है। आसमान साफ रहने और दिन में धूप निकलने के कारण तापमान में बढ़ोतरी महसूस की जा सकती है। हालांकि, स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के चलते कुछ जगहों पर दोपहर बाद या शाम के वक्त आंशिक बादल नजर आ सकते हैं, लेकिन इससे व्यापक बारिश की उम्मीद फिलहाल नहीं है।

पटना में 33 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, दिन में सताएगी गर्मी

राजधानी पटना में अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहने का अनुमान है। 13 से 16 अक्टूबर के बीच अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सुबह और शाम के वक्त मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रह सकता है, लेकिन दोपहर में धूप की तपिश लोगों को परेशान कर सकती है।13 अक्टूबर को पटना समेत बिहार के कई जिलों में दिन के समय धूप और उमस महसूस होने की संभावना है। बारिश नहीं होने के कारण लोगों को गर्मी से तत्काल राहत मिलने के आसार कम हैं। खासकर दोपहर में घर से बाहर निकलने वाले लोगों को तेज धूप का सामना करना पड़ सकता है।

18 अक्टूबर तक बारिश का अलर्ट नहीं, किसानों और आम लोगों की नजर

मौसम विभाग के 13 अक्टूबर के पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य के किसी भी जिले के लिए मौसम संबंधी विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं, 14 से 18 अक्टूबर तक भी बिहार के लिए बारिश, आंधी या वज्रपात का कोई वशेष अलर्ट नहीं बताया गया है।

कुल मिलाकर, बिहार में फिलहाल मौसम का रुख शुष्क रहने के आसार हैं। मानसून की विदाई के साथ बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ रही हैं और दिन के तापमान में गर्मी का एहसास बना रह सकता है। हालांकि, मौसम के पूर्वानुमान में बदलाव संभव है, इसलिए लोगों को समय-समय पर मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखनी चाहिए।