Bihar Weather: बिहार में मौसम का 'U-टर्न', क्या फिर लौटेगी भीषण ठंड या आएगी समय से पहले गर्मी? जानिए IMD की चेतावनी

Bihar Weather: बिहार के मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। मौसम विभाग की मानें तो आज कुछ इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा रहने की संभावना है तो वहीं कई जिलों में बादल छाए रह सकते हैं। तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।

बिहार मौसम
गर्मी करेगी हाल बेहाल?- फोटो : AI Image

Bihar Weather: बिहार में मौसम में अब बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम करवट ले रहा है। पिछले कुछ दिनों की कनकनी और कोहरे के बाद अब आसमान साफ होते ही सूरज की तपिश ने लोगों को हैरान कर दिया है। इसे मौसम का 'U-टर्न' कहा जा रहा है क्योंकि फरवरी के मध्य में ही पारा जिस तेजी से ऊपर चढ़ रहा है, उसने आने वाले दिनों के लिए नई चिंताएं पैदा कर दी हैं।

गर्मी का जल्दी दस्तक देना

आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 28°C तक पहुँचने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो हवाओं के रुख में बदलाव और आसमान साफ होने की वजह से सोलर रेडिएशन सीधे जमीन तक पहुँच रहा है। पटना, गया और मुजफ्फरपुर जैसे शहरों में दोपहर के समय पंखे चलाने तक की नौबत आ गई है। पछुआ हवाओं की जगह अब हल्की गर्म हवाओं ने लेनी शुरू कर दी है, जो संकेत है कि गर्मी इस बार समय से पहले ही अपने तेवर दिखाने वाली है।

क्या फिर लौटेगी भीषण ठंड?

फिलहाल के डेटा को देखें तो भीषण ठंड की वापसी की संभावना कम है। हालांकि, मौसम विभाग ने एक महत्वपूर्ण चेतावनी दी है। भले ही दिन में धूप तेज हो, लेकिन रात और तड़के सुबह का न्यूनतम तापमान अभी भी 14°C के आसपास बना हुआ है। इसे 'गुलाबी ठंड' कहा जा सकता है, जो अक्सर बीमारी का कारण बनती है।

कैमूर सबसे गर्म 

आईएमडी के आंकड़ों को देखे तो बीते दिन यानी मंगलवार को सबसे गर्म जिला कैमूर रहा जहां 31.1 डिग्री से. तापमान रहा। वहीं अन्य जिलों में भी 27 से 30 डिग्री के आस-पास तापमान रहा। वहीं मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं किया है। मौसम सामान्य रहेगा और तापमान में भी बढोतरी महसूस की जाएगी।