Bihar Weather: बिहार का मौसम अब धीरे-धीरे बदल रहा है। पछुआ हवा के प्रभाव से कई जिलों में अभी भी हल्की ठंड बनी हुई है, लेकिन राज्य के कई हिस्सों, खासकर दक्षिण बिहार में ठंड का असर कम होता जा रहा है और गर्मी की शुरुआत के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अब तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। हालांकि, उत्तर बिहार में हल्की ठंड अभी बनी रह सकती है।
आज के मौसम का हाल
उत्तर बिहार के कुछ इलाकों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिल सकता है, लेकिन सूरज निकलते ही धुंध कम हो जाएगी। मौसम विभाग ने किसी भी जिले में कोहरे को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। अधिकतम तापमान करीब 30°C और न्यूनतम तापमान 15°C के आसपास रहने की संभावना है। दक्षिण बिहार में आज से तापमान में वृद्धि शुरू होने की संभावना है।
फरवरी के अंत में ठंड की विदाई
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, फरवरी के अंत तक बिहार से ठंड पूरी तरह विदा हो जाएगी, और तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी। मार्च से गर्मी का असर महसूस होने लगेगा, हालांकि इस दौरान मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। यह साल भी बरसात की तरह कड़ाके की ठंड के लिए इंतजार करता रह गया। सर्दी का मौसम अब अपने अंतिम चरण में है। दिसंबर के अंत और जनवरी की शुरुआत को छोड़कर ठंड का कोई खास असर देखने को नहीं मिला। कोल्ड डे और शीतलहर जैसी स्थितियाँ बहुत कम नजर आईं, और तापमान सामान्य से अधिक बना रहा। मौसम विभाग की मानें तो आज से तापमान में वृद्धि की संभावना है, जो अगले दो-तीन दिनों तक जारी रहेगी। ठंड का प्रभाव काफी कम हो जाएगा।
मौसम में बदलाव चिंता का विषय
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फरवरी के मध्य से अप्रैल की शुरुआत तक 45-60 दिनों का समय सर्दी और गर्मी के बीच का संतुलित मौसम होता है, जिसे वसंत कहा जाता है। लेकिन बीते कुछ वर्षों से वसंत का यह समय लगातार घट रहा है। 2024 अब तक का सबसे गर्म साल रहा और पिछले 10 वर्षों में ही इतिहास के टॉप-5 सबसे गर्म वर्ष दर्ज किए गए। जनवरी 2025 इतिहास में तीसरा सबसे गर्म जनवरी रहा।
9 फरवरी का मौसम
9 फरवरी से बिहार में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि हो रही है, और आज से इसमें और तेजी आने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में तापमान तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। 9 फरवरी को दिन का सर्वाधिक तापमान 28.3°C औरंगाबाद में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.8°C बांका में रहा।