Bihar Weather: पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से दिल्ली, राजस्थान से लेकर अरुणाचल प्रदेश और हिमाचल प्रदेश तक बारिश और बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग ने इसको लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, इन मौसमी बदलावों के कारण उत्तर भारत में तापमान 1-2 डिग्री तक गिर सकता है, हालांकि इसके बाद तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। बीते दिनों दो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आया था, जिससे दिल्ली सहित कई क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई और ठंड भी बढ़ गई।
8 फरवरी से फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग का अनुमान है कि 8 फरवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत उत्तर भारत और उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में मौसम बदल सकता है। वैज्ञानिकों के अनुसार पाकिस्तान के ऊपर एक टर्फ बना हुआ है, जो पूर्व की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से भारत में मौसमी गतिविधियां बढ़ेंगी। पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर-पश्चिमी हिमालय में 8 से 12 या 13 फरवरी तक बर्फबारी जारी रहने की संभावना है।
राजस्थान में कड़ाके की ठंड
राजस्थान के कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और सर्दी का सिलसिला जारी है। गुरुवार को जयपुर और कोटा में शीतलहर चली, जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि नागौर और लूणकरणसर में 3.8 डिग्री, करौली में 4.4 डिग्री, दौसा में 5.1 डिग्री और संगरिया में 5.2 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।
दिल्ली में भी सर्दी का असर, न्यूनतम तापमान गिरा
पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली में भी तापमान में गिरावट आई है। गुरुवार को यहां न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत तापमान से 1.2 डिग्री कम है। इससे पहले दिल्ली का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर था। मौसम विभाग का अनुमान है कि नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 8 से 12 फरवरी के बीच दिल्ली में तेज हवाएं चल सकती हैं और बारिश होने की भी संभावना है। 13 फरवरी के बाद मौसम फिर से शुष्क हो सकता है।