Bihar Weather: ठंड से ठिठुरता बिहार ! इस दिन तक पड़ेगी हाड़ कंपा देने वाली ठंड, जानिए कब से मिलेगी राहत, आज 32 जिलों में कोल्ड डे

Bihar Weather: पश्चिमी और पूर्वी चंपारण समेत 32 जिलों में सुबह और शाम घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस दौरान दृश्यता घटकर 10 मीटर तक रह सकती है। अगले एक सप्ताह तक कड़ाके की ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

ठंड
32 जिलों के लिए अलर्ट जारी - फोटो : social media

Bihar Weather: बिहार में हाड़ कंपा देने वाली ठंड से फिलहाल राहत की उम्मीद नहीं है। कड़ाके की ठंड और कोहरे ने लोगों को परेशान कर रखा है। वहीं पछुआ हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ती जा रही है। प्रदेश के कई हिस्सों में कोल्ड-डे, शीतलहर और घने कोहरे के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 10 जनवरी को भी ठंड, कोहरा और कम दृश्यता लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। इसे देखते हुए कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।

ठंड से ठिठुरा बिहार 

दरअसल, हिमालय से आ रही बर्फीली हवाओं ने राज्य में ठंड की तीव्रता बढ़ा दी है। पछुआ हवाओं के असर से प्रदेश के 16 जिलों का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को राज्य के 32 जिलों में कोल्ड-डे और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

32 जिलों के लिए अलर्ट 

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक पटना, पश्चिमी और पूर्वी चंपारण समेत 32 जिलों में सुबह और शाम घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस दौरान दृश्यता घटकर 10 मीटर तक रह सकती है। अगले एक सप्ताह तक कड़ाके की ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। वहीं मौसम विभाग की मानें तो इसके बाद ठंड से थोड़ी थोड़ी राहत मिलेगी। 

पटना में न्यूनतम तापमान  5.9 डिग्री 

पिछले 24 घंटों में राज्य के 16 जिलों का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया। बांका में 5.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। वहीं पटना में न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। घने कोहरे के कारण कई इलाकों में दृश्यता घटकर 40 मीटर तक पहुंच गई, जिससे सुबह 10 बजे तक लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग की चेतावनी 

मौसम विभाग के अनुसार 10 जनवरी को भी ठंड का असर बरकरार रहेगा। उत्तर और दक्षिण-पश्चिमी बिहार में कोल्ड-डे को लेकर चेतावनी जारी की गई है, जबकि उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार के कुछ जिलों में घने कोहरे का अलर्ट है। पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, किशनगंज, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और मधेपुरा में दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना है।