घर से निकलने से पहले पढ़ लें ये खबर, बिहार के 17 जिलों पर मंडराया बारिश, तूफान और बिजली गिरने का खतरा

कई जिलों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है और बादलों की आवाजाही लगातार बनी हुई है।..

Bihar weather Yellow Alert in 17 Districts Rain  Thunder Til
17 जिलों पर मंडराया बारिश, तूफान और बिजली गिरने का खतरा- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar Weather:बिहार में मानसून ने एक बार फिर अपना रुख़ सख़्त कर लिया है। मौसम विभाग ने सूबे के 17 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को एहतियात बरतने की नसीहत दी है। विभाग के मुताबिक इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं, जबकि गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। मौसम का यह सिलसिला 29 जुलाई तक जारी रहने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून की ट्रफ लाइन इस समय बिहार के बेहद करीब से गुजर रही है। यह रेखा राजस्थान से मध्य भारत और झारखंड होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। ट्रफ लाइन के बिहार के निकट रहने से वातावरण में नमी लगातार बनी हुई है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में बारिश के लिए मुफ़ीद हालात तैयार हो गए हैं। यही वजह है कि कई जिलों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है और बादलों की आवाजाही लगातार बनी हुई है।

राजधानी पटना की बात करें तो अगले चार दिनों तक मौसम का मिज़ाज बदला-बदला रहने वाला है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शहर में बीच-बीच में बादल छाए रहेंगे, हल्की से मध्यम बारिश होगी और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी बनी रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

उधर, राज्य के अधिकांश हिस्सों में 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से ठंडी पुरवा हवाएं चल रही हैं। इन हवाओं की वजह से मौसम में नमी बरकरार है और बीच-बीच में धूप निकलने के बावजूद गर्मी का असर अपेक्षाकृत कम महसूस हो रहा है। हालांकि मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें, ताकि किसी भी अप्रिय हादसे से सुरश्क्षित रहा जा सके।