Bihar Housing Scheme: प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी में बिहार का बजा डंका! केंद्र ने दिए दो राष्ट्रीय पुरस्कार, आवास निर्माण में राज्य का शानदार प्रदर्शन, क मंत्री नीतीश ने दी पूरी टीम को बधाई

Bihar Housing Scheme: बिहार के शहरी इलाकों में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर मुहैया कराने की मुहिम को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है।

Bihar Wins Two National Awards for PMAY

Bihar Housing Scheme: बिहार के शहरी इलाकों में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर मुहैया कराने की मुहिम को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U) 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बिहार को दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया है। नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने इसे राज्य के लिए गौरव की उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सम्मान आवास निर्माण की तेज रफ्तार और पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने की दिशा में किए जा रहे लगातार प्रयासों का नतीजा है।

विश्व पर्यावास दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से बिहार को ये दोनों पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के हाथों दिए गए। इस उपलब्धि के बाद राज्य सरकार ने इसे शहरी आवास के क्षेत्र में बिहार की बढ़ती रफ्तार और प्रभावी अमल की तस्दीक बताया है।

पहला पुरस्कार: सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य

बिहार को पहला राष्ट्रीय पुरस्कार सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य की श्रेणी में मिला है। PMAY-U 2.0 के तहत स्वीकृत आवासों की तुलना में सबसे अधिक आवासों की ग्राउंडिंग सुनिश्चित करने के लिए बिहार को यह सम्मान दिया गया।ग्राउंडिंग का मतलब स्वीकृत आवासों के निर्माण की प्रक्रिया को जमीन पर शुरू कराना है। यानी योजना सिर्फ कागजी मंजूरी तक सीमित न रहे, बल्कि वास्तविक निर्माण कार्य की शुरुआत हो—इस दिशा में बिहार के प्रदर्शन को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

बड़े राज्यों में भी मिली विशेष मान्यता

दूसरा पुरस्कार बड़े राज्यों की श्रेणी में विशेष मान्यता के रूप में मिला। PMAY-U 2.0 के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले सर्वाधिक प्रतिशत आवास स्वीकृत करने में बेहतर प्रदर्शन के लिए बिहार को यह सम्मान प्रदान किया गया।

मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबके लिए आवास’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में बिहार लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विकास विजन के अनुरूप सरकार पात्र परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

पूरी टीम को दी बधाई

मंत्री ने कहा कि ये दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार सिर्फ सरकारी उपलब्धि नहीं, बल्कि शहरी क्षेत्रों में गरीब और जरूरतमंद परिवारों की जिंदगी में बदलाव लाने की कोशिशों की भी तस्दीक करते हैं। उन्होंने पुरस्कार हासिल करने के लिए विभागीय अधिकारियों और पूरी टीम को बधाई दी।

कार्यक्रम में बिहार के नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से सचिव डॉ. संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी, विशेष सचिव-सह-मिशन निदेशक शाहिद परवेज और परियोजना पदाधिकारी-सह-अपर निदेशक उमाकांत पांडे ने पुरस्कार प्राप्त किए। दो राष्ट्रीय सम्मानों के साथ बिहार ने PMAY-U 2.0 के अमल में अपनी मौजूदगी राष्ट्रीय स्तर पर दर्ज कराई है।

हीरेश कुमार