पटना में बीच सड़क चलती बाइक बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान, एग्जीबिशन रोड पर मचा हड़कंप

Patna Bike Fire: गांधी मैदान थाना क्षेत्र के एग्जीबिशन रोड पर एक चलती बाइक अचानक आग का गोला बन गई।...

Bike Catches Fire Mid Road in Patna Rider Jumps Off to Save
बीच सड़क चलती बाइक बनी आग का गोला- फोटो : reporter

Patna Bike Fire: पटना में सोमवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब गांधी मैदान थाना क्षेत्र के एग्जीबिशन रोड पर एक चलती बाइक अचानक आग का गोला बन गई। बीच सड़क पर बाइक में आग लगते ही मौके पर हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि बाइक सवार चालक ने समय रहते बाइक से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सड़क पर चल रही थी, तभी अचानक उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने बाइक को अपनी जद में ले लिया और कुछ ही देर में वाहन धू-धूकर जलने लगा। चालक ने खतरा भांपते हुए तत्काल बाइक से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई।

चलती बाइक में आग लगने की घटना देखते ही आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। देखते-देखते सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग की लपटों को देखते हुए एहतियातन अग्निशमन विभाग, पटना को सूचना दी गई।

सूचना मिलने के बाद आग पर काबू पाने की कार्रवाई की गई और बाइक को पूरी तरह बुझा दिया गया। घटना के बाद बीच सड़क पर जली हुई बाइक को हटाने का काम शुरू किया गया, ताकि यातायात सुचारू हो सके।

बाइक में अचानक आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। शॉर्ट सर्किट, तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से आग लगी, इसकी जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।घटना में बाइक चालक के सुरक्षित बच जाने से लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, व्यस्त एग्जीबिशन रोड पर चलती बाइक में अचानक आग लगने की घटना ने वाहन सुरक्षा और तकनीकी खराबी को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग घटना के कारणों की जानकारी जुटाने में लगे हैं।

अनिल की रिपोर्ट