Patna Airport: पटना एयरपोर्ट पर मंडराया खतरा, पक्षियों के झुंड से इंडिगो फ्लाइट वाराणसी डायवर्ट, 3 घंटे तक फंसे रहे केंद्रीय मंत्री ललन सिंह समेत 167 यात्री

Patna Airport: पटना एयरपोर्ट पर रनवे के आसपास पक्षियों के झुंड की मौजूदगी ने हवाई परिचालन को प्रभावित कर दिया।...

Birds Force IndiGo Flight to Divert From Patna to Varanasi
पटना एयरपोर्ट पर मंडराया खतरा- फोटो : social Media

Patna Airport: पटना एयरपोर्ट पर रनवे के आसपास पक्षियों के झुंड की मौजूदगी ने हवाई परिचालन को प्रभावित कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली-पटना-दिल्ली सेक्टर की इंडिगो फ्लाइट 6E 2453 को वाराणसी डायवर्ट करना पड़ा। विमान में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह समेत 167 यात्री सवार थे। फ्लाइट सोमवार  शाम करीब 4:15 बजे पटना पहुंची थी, लेकिन रनवे के आसपास पक्षियों की मौजूदगी के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने लैंडिंग की इजाजत नहीं दी।

लैंडिंग की मंजूरी नहीं मिलने पर विमान ने आसमान में दो चक्कर लगाए। इसके बाद यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एटीसी ने विमान को वाराणसी भेज दिया। विमान बाद में शाम करीब 6:20 बजे वाराणसी से पटना पहुंचा। इस दौरान दिल्ली जाने वाले यात्रियों को पटना एयरपोर्ट पर लगभग तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। फ्लाइट के डायवर्ट होने और दोबारा पटना लौटने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, रनवे के आसपास मंडरा रहे पक्षियों को हटाने के लिए पटाखे छोड़े गए, जिसके बाद हवाई परिचालन को सामान्य किया गया। विमानन सुरक्षा के लिहाज से रनवे के आसपास पक्षियों की मौजूदगी को गंभीर खतरा माना जाता है, क्योंकि टेकऑफ या लैंडिंग के दौरान बर्ड हिट से विमान को नुकसान पहुंच सकता है।

इससे पहले 24 अगस्त को भी पटना एयरपोर्ट पर बर्ड हिट की घटना सामने आई थी। दिल्ली से 164 यात्रियों को लेकर पटना आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI 1741 से पक्षी टकरा गया था। एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग प्रोटोकॉल लागू कर फायर और अन्य आपात सेवाओं को मुस्तैद कर दिया गया था।लैंडिंग के बाद जांच में पक्षी के टकराने की पुष्टि हुई, हालांकि इंजन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। जांच पूरी होने के बाद विमान को दिल्ली लौटने की मंजूरी दी गई। 

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने पटना एयरपोर्ट पर बर्ड-हैजार्ड को लेकर सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े किए हैं।