Bihar Politics: कांग्रेस करती है झूठ की राजनीति, राहुल गांधी पर भाजपा का बड़ा बयान, 4-5 दलितों का बता दें नाम
Bihar Politics: कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर भाजपा ने बड़ा बयान दिया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस केवल झूठ की राजनीति करती है और दलितों की बात करने वाले राहुल गांधी को 4-5 दलितों का नाम भी नहीं पता होगा।

Bihar Politics: पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, सांसद संजय जायसवाल समेत पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। जिसके बाद भाजपा नेताओं ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। भाजपा नेताओं ने विपक्षी दलों पर कई गंभीर आरोप भी लगाए।
झूठ की राजनीति करती है कांग्रेस
भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि कल से बिहार के 75 लाख परिवारों की महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत ₹10,000 की पहली किस्त दी जाएगी। आगे चलकर प्रत्येक परिवार को ₹2 लाख तक की सहायता भी मिलेगी। वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ झूठ की राजनीति करती है। राहुल गांधी को अति पिछड़ा समाज के चार–पांच लोगों का नाम तक नहीं मालूम। जयराम रमेश जो बताते हैं, वह भी वे गलत बोलते हैं।
घूमने के लिए बिहार आए थे कांग्रेसी
भाजपा सांसद ने कांग्रेस की CWC बैठक को लेकर भी कहा कि कांग्रेस यहां सिर्फ घूमने आई थी, लेकिन उसे यह जरूर समझ में आ गया होगा कि बिहार में असली विकास कैसे हुआ है। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने विचारों से समाज के हर वर्ग को जोड़ने का काम किया। कांग्रेस की राजनीति पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कांग्रेस झूठे वादे कर रही है, जिसे जनता भलीभांति जानती है। 70–80 साल में अति पिछड़ा समाज कांग्रेस को याद नहीं आया और अब चुनाव के वक्त संकल्प पत्र में इसे शामिल कर रही है।
महिलाओं के लिए पीएम सीएम ने किया काम
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर की गई टिप्पणी पर भी उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं के बयान में फर्क कहां और कब होता है, यह जनता भलीभांति जानती है। तेजस्वी यादव के महिला संवाद कार्यक्रम पर तंज कसते हुए दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए जो काम किया है, विपक्ष उसे करने के बारे में शायद 10 साल बाद सोचेगा। बिहार की 70 लाख परिवारों की महिलाओं को कल रोजगार के लिए ₹10,000 मिलेंगे, यह महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।