Bihar Flood: बिहार में बाढ़ के बीच BJP का बड़ा राहत ऐलान, 51 लाख दिए, नितिन नबीन ने 3 महीने की सैलरी सौंपी

Bihar Flood: बिहार भाजपा ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 51 लाख रुपये का योगदान दिया है।...

Nabin Donates Salary
बाढ़ पीडितों के लिए नितिन नबीन ने 3 महीने की सैलरी सौंपी- फोटो : social Media

Bihar Flood: बिहार में बाढ़ की मार के बीच राहत और बचाव कार्यों के लिए आर्थिक सहयोग का सिलसिला तेज हो गया है। राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष में राशि देने की घोषणाएं की जा रही हैं। इसी कड़ी में बिहार भाजपा ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 51 लाख रुपये का योगदान दिया है। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नबीन ने अपने तीन महीने के सांसद वेतन की राशि 6.35 लाख रुपये राहत कोष में देने की घोषणा की है।

18 सितंबर को बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पटना स्थित लोक सेवक आवास के 'संकल्प' सभागार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर पार्टी की ओर से 51 लाख रुपये का चेक सौंपा। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने इस सहयोग के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का आभार जताया और कहा कि यह राशि आपदा एवं कठिन परिस्थितियों में जरूरतमंद लोगों की सहायता में उपयोगी होगी।

इसके साथ ही नितिन नबीन ने बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए अपने तीन महीने के सांसद वेतन के रूप में 6.35 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत शिविर, कम्युनिटी किचन, चिकित्सा सुविधाएं और पशु चारे की व्यवस्था की जा रही है। बचाव कार्यों के लिए NDRF और SDRF की टीमें भी तैनात हैं।

भाजपा की ओर से बिहार के सभी सांसदों, विधायकों और विधान पार्षदों के एक-एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देने की भी घोषणा की गई है। इससे बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत एवं पुनर्वास के लिए अतिरिक्त आर्थिक संसाधन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है