बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों के साथ की बैठक, दिए कई दिशा-निर्देश

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और नवनियुक्त पदाधिकारियों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों के साथ

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नव निर्वाचित पदाधि
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने किया स्वागत- फोटो : वंदना शर्मा

Patna : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शुक्रवार को पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उनका भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया। इस मौके पर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के साथ-साथ हाल ही में नव निर्वाचित हुए सभी प्रदेश पदाधिकारियों और भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका अभिनंदन किया। इस सांगठनिक दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया।


नव निर्वाचित पदाधिकारियों के साथ पहली 'गेट-टुगेदर' बैठक

पदभार ग्रहण करने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नव निर्वाचित प्रदेश पदाधिकारियों के साथ पहली बार एक अनौपचारिक 'गेट-टुगेदर' और सामूहिक बैठक की। प्रदेश कार्यालय के सभागार में आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य नए पदाधिकारियों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना था। बैठक के शुरुआती सत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी नवनियुक्त नेताओं को उनकी नई सांगठनिक जिम्मेदारियों के लिए बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर विशेष रणनीति

इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान मुख्य रूप से संगठन को और अधिक गतिशील व मजबूत बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि बूथ स्तर तक पार्टी की पकड़ को और अधिक अभेद्य बनाया जाए। उन्होंने पदाधिकारियों को संगठन विस्तार, राष्ट्रव्यापी जनसंपर्क अभियान चलाने और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल व समन्वय स्थापित करने को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



उत्तर प्रदेश चुनाव सहित आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर मंथन

सांगठनिक चर्चा के साथ-साथ इस बैठक में आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावों को लेकर भी गंभीर मंथन किया गया। बैठक में विशेष रूप से पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी चुनावों की तैयारियों और रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई। पार्टी केंद्रीय नेतृत्व ने इस बात पर विशेष बल दिया कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों की सांगठनिक क्षमता, ऊर्जा और पुराने अनुभव का अधिकतम उपयोग करते हुए चुनावी मैदान में बढ़त हासिल की जाए।


"संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत": नितिन नवीन

बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि अनुशासित संगठन और समर्पित कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का आह्वान किया कि वे सीधे जनता के बीच जाएं और सरकार की जन कल्याणकारी उपलब्धियों तथा पार्टी की राष्ट्रवादी नीतियों को हर घर तक पहुंचाएं। इस बैठक को आगामी चुनावी समर और भविष्य के बड़े राजनैतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


वंदना की रिपोर्ट