Bihar Politics: बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने पिता की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, बंगाल चुनाव को लेकर दिया बड़ा बयान

Bihar Politics:

Bihar Politics:  बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन

Bihar Politics: बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन को भाजपा ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। नितिन नवीन को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार पटना के महावीर मंदिर पहुंचे। इस मौके पर उनके साथ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और विधायक संजय गुप्ता सहित बीजेपी के कई बड़े नेता मौजूद थे। जिसके बाद उन्होंने अपने पिता को श्रद्धांजलि दी। 

पिता की प्रतिमा पर की माल्यार्पण 

बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने पूज्य पिता स्व. नवीन किशोर सिन्हा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उनके पिता का सोच हमेशा राष्ट्र को सर्वोपरि रखने और पार्टी के प्रति पूर्ण समर्पण का रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहता है कि उनके स्वच्छ विचारों और मूल्यों को और आगे बढ़ाया जाए। नितिन नवीन ने कहा कि पार्टी ने जो आशीर्वाद और जिम्मेदारी उन्हें दी है, उसके माध्यम से वे अपने पिता के सम्मान को और ऊंचा करने का कार्य करेंगे।

बंगाल चुनाव पर नितिन नवीन का बयान

बंगाल चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता हमेशा चुनावी मोड में रहते हैं। उन्होंने कहा, “कहीं भी चुनाव हो, भाजपा पूरी तरह तैयार रहती है।”उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि देश में ऐसा कोई समाज नहीं है जो विकास से अछूता रहा हो। मोदी सरकार के शासनकाल में हर वर्ग तक विकास की योजनाएं पहुंची हैं।नितिन नवीन के इस बयान को आगामी चुनावों के मद्देनजर भाजपा की तैयारी और आत्मविश्वास के रूप में देखा जा रहा है।

पूर्वी भारत के पहले राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष 

गौरतलब हो कि, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने रविवार को उनकी नियुक्ति का पत्र जारी किया। पत्र में कहा गया है कि भाजपा संसदीय बोर्ड ने नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है और यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। नियुक्ति की घोषणा के बाद पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन के पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। वीरचंद पटेल पथ स्थित कार्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और गुलदस्तों के साथ उनका अभिनंदन किया। 

पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट