सबलपुर विष्णु मंदिर में 'महा-संग्राम': मजिस्ट्रेट के सामने भिड़े नए-पुराने सदस्य, अब हाई कोर्ट तय करेगा मंदिर का भविष्य
पटनासिटी के सबलपुर विष्णु मंदिर में कमेटी विवाद गहराया। पुराने सदस्यों ने कार्यभार सौंपने से किया इनकार। मामला पटना हाई कोर्ट पहुँचा।
Patna - पटना के सबलपुर विष्णु मंदिर में नई और पुरानी कमेटी के सदस्यों के बीच चल रहा विवाद अब और गहरा गया है। धार्मिक न्यास पर्षद के आदेश के बावजूद पुराने सदस्यों ने नए सदस्यों को पदभार सौंपने से साफ इनकार कर दिया है, जिसके बाद यह पूरा मामला अब पटना हाई कोर्ट की दहलीज तक पहुँच गया है ।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुआ भारी हंगामा
पटनासिटी स्थित सबलपुर विष्णु मंदिर में शुक्रवार को कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई थी । अनुमंडलाधिकारी द्वारा नियुक्त दंडाधिकारी सुनील कुमार और भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई यह बैठक काफी हंगामेदार रही । धार्मिक न्यास पर्षद के निर्देशानुसार नवनियुक्त सचिव बंगाली सिंह और कोषाध्यक्ष को आज कार्यभार संभालना था और मंदिर से संबंधित दस्तावेजों का आदान-प्रदान होना था, लेकिन पुराने सदस्यों के विरोध के कारण बैठक बेनतीजा समाप्त हुई ।
पदभार देने से इनकार, मामला पहुँचा हाई कोर्ट
बैठक के दौरान पूर्व सचिव नरेश चंद्र ने नए सदस्यों को चार्ज देने से मना कर दिया । नरेश चंद्र का आरोप है कि न्यास पर्षद को दिग्भ्रमित कर और झूठी सूचनाएं देकर यह आदेश प्राप्त किया गया है । उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस मामले को लेकर हाई कोर्ट चले गए हैं और अब न्यायालय का जो भी फैसला होगा, वही सर्वमान्य होगा ।
प्रशासन से 'जबरिया' प्रभार दिलाने की मांग
दूसरी ओर, नवनियुक्त सचिव बंगाली सिंह ने प्रशासन से आग्रह किया है कि पर्षद के आदेश का पालन सुनिश्चित कराया जाए और उन्हें 'जबरिया' प्रभार दिलाया जाए । दंडाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि पुराने सदस्यों द्वारा विरोध और कोर्ट जाने की बात सामने आने के बाद पूरी स्थिति से धार्मिक न्यास पर्षद को अवगत करा दिया जाएगा ।
रिपोर्ट - रजनीश