Bihar Politics: नितिन नवीन पहुंचे पटना महावीर मंदिर, बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद दिया बड़ा बयान

Bihar Politics: बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार महावीर मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। जिसके बाद वो दिल्ली के लिए रवाना होंगे। बीजेपी के कई शीर्ष नेताओं से मिलेंगे।

नितिन नवीन
नितिन नवीन का बड़ा बयान - फोटो : News4nation

Bihar Politics: बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन को भाजपा ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। नितिन नवीन को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार पटना के महावीर मंदिर पहुंचे। इस मौके पर उनके साथ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और विधायक संजय गुप्ता सहित बीजेपी के कई बड़े नेता मौजूद थे। 

महावीर मंदिर पहुंचे नितिन नवीन 

महावीर मंदिर पहुंचने के बाद नितिन नवीन ने पूजा अर्चना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सब हनुमान दी का देन है। रामजी की कृपा हमेशा हम पर बनी रही है। बता दें कि बीजेपी कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार दिल्ली जा रहे हैं। इस दौरान उनकी मुलाकात पीएम मोदी अमित शाह सहित कई बड़े नेताओं से मिलेंगे। जानकारी अनुसार दिल्ली पहुंचने पर नितिन नवीन के जोरदार स्वागत की तैयारी की गई है। नितिन नवीन सोमवार सुबह नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 पर सुबह 10 बजे पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।

भाजपा के बड़े नेताओं से होगी मुलाकात 

सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान उनकी भाजपा के कई शीर्ष नेताओं से मुलाकात हो सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी उनकी मुलाकात की संभावना जताई जा रही है। नितिन नवीन बिहार ही नहीं, बल्कि पूर्वी भारत से भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने वाले पहले नेता हैं। पार्टी में उन्हें मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के संभावित उत्तराधिकारी के रूप में भी देखा जा रहा है। ऐसे में वे भविष्य में भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकते हैं।

बीजेपी कार्यालय में हुआ भव्य स्वागत 

गौरतलब हो कि, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने रविवार को उनकी नियुक्ति का पत्र जारी किया। पत्र में कहा गया है कि भाजपा संसदीय बोर्ड ने नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है और यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। नियुक्ति की घोषणा के बाद पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन के पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। वीरचंद पटेल पथ स्थित कार्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और गुलदस्तों के साथ उनका अभिनंदन किया। 

5 बार जीती है विधायकी 

इस दौरान प्रदेश कार्यालय परिसर ‘नितिन नवीन जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा। नितिन नवीन बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2006 में पहली बार विधायक के रूप में चुनाव जीता था। वर्ष 2021 में वे पहली बार नीतीश कुमार सरकार में मंत्री बने। वर्तमान में उनके पास पथ निर्माण और नगर विकास विभाग की जिम्मेदारी है।

पटना से वंदना की रिपोर्ट