Bihar BJP: पटना में आज BJP का शक्ति प्रदर्शन, सुबह मोदी का डिजिटल संबोधन, शाम को गांधी मैदान में सेवा के रंग का भव्य जलवा
Bihar BJP:पटना में आज भारतीय जनता पार्टी के दो बड़े आयोजनों के जरिए संगठन की ताकत, सरकार की उपलब्धियों और विकास के एजेंडे का संदेश जनता तक पहुंचाने की तैयारी है। ...
Bihar BJP:पटना में आज भारतीय जनता पार्टी के दो बड़े आयोजनों के जरिए संगठन की ताकत, सरकार की उपलब्धियों और विकास के एजेंडे का संदेश जनता तक पहुंचाने की तैयारी है। सुबह मिलर हाई स्कूल मैदान में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ होगी, जबकि शाम को ऐतिहासिक गांधी मैदान में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। दोनों आयोजनों में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से लेकर मंत्री, सांसद, विधायक, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रहेगी।
सुबह 9:30 बजे मिलर मैदान में जुटेगा भाजपा कुनबा
मिलर हाई स्कूल मैदान में सुबह 9:30 बजे ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ शुरू होगी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन डिजिटल माध्यम से कार्यकर्ताओं और लोगों को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के संबोधन में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और ‘विकसित भारत 2047’ के विजन का संदेश प्रमुख रहने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा समेत एनडीए के कई मंत्री, सांसद, विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। पार्टी का फोकस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर रहेगा।
शाम को गांधी मैदान में ‘सेवा के रंग’ का जलवा
सुबह की राजनीतिक हलचल के बाद शाम 5 बजे गांधी मैदान में भाजपा का ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र बनेगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इसका उद्घाटन करेंगे। आयोजन को लेकर गांधी मैदान में जोरदार तैयारियां चल रही हैं। विशाल रंगोलियों और विभिन्न कलाकृतियों के जरिए सेवा, सुशासन, जनकल्याण और विकास की कहानी को रचनात्मक अंदाज में पेश किया जाएगा।
प्रदेश संयोजक अनामिका पासवान के मुताबिक, कार्यक्रम की थीम के अनुरूप गांधी मैदान को सजाने के लिए सैकड़ों कलाकार दिन-रात जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान रंगोलियों और कलाकृतियों का अवलोकन भी करेंगे।

मिथिला से चंपारण तक दिखेगी बिहार की रंगीन तस्वीर
गांधी मैदान में बिहार के अलग-अलग अंचलों की संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। मिथिला, मगध, चंपारण समेत विभिन्न इलाकों के पारंपरिक खान-पान और स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। उद्यमियों और सामाजिक संगठनों की ओर से भी स्टॉल लगाए जाएंगे।

लोककला, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए बिहार की समृद्ध विरासत को मंच मिलेगा। कला एवं संस्कृति विभाग के कलाकारों के साथ दूसरे प्रतिभाशाली कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे। यानी राजनीति के साथ कला, संस्कृति और स्थानीय उद्यमिता का भी संगम देखने को मिलेगा।
ड्रोन से होगी पूरे आयोजन की निगरानी और कवरेज
गांधी मैदान के इस बड़े आयोजन को व्यापक स्तर पर दिखाने के लिए ड्रोन से कार्यक्रम का दृश्यांकन किया जाएगा। रंगोली, कलाकृतियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पूरे आयोजन की गतिविधियों को कैमरे में कैद किया जाएगा। भाजपा के दोनों कार्यक्रमों को संगठन, सरकार के विकास और ‘सेवा’ के संदेश को एक साथ जनता के बीच रखने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
रिपोर्ट- अभिजीत