मिशन मोड में भाजपा: पूर्णिया में सांगठनिक फेरबदल, अनुभवी संजीव सिंह बने नए कार्यकारी अध्यक्ष
भारतीय जनता पार्टी ने पूर्णिया जिले में बड़ा फेरबदल करते हुए जिला महामंत्री संजीव सिंह को नया कार्यकारी जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।
Patna - भारतीय जनता पार्टी बिहार इकाई ने पूर्णिया जिले के संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए नई नियुक्ति की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार, पूर्णिया के जिला महामंत्री श्री संजीव सिंह को अब जिले की कमान सौंपते हुए उन्हें कार्यकारी जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। यह आदेश भाजपा के प्रदेश मुख्यालय प्रभारी अरविंद शर्मा द्वारा आधिकारिक पत्र जारी कर सार्वजनिक किया गया है।
संगठनात्मक फेरबदल के तहत श्री संजीव सिंह ने पूर्व जिलाध्यक्ष श्री मनोज सिंह का स्थान लिया है। पार्टी द्वारा जारी पत्र (पत्रांक 203/26) में स्पष्ट किया गया है कि यह नियुक्ति 9 मार्च 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। संजीव सिंह को जिला महामंत्री से कार्यकारी जिलाध्यक्ष बनाए जाने को उनके सक्रिय योगदान और सांगठनिक अनुभव के प्रति विश्वास के रूप में देखा जा रहा है।
पूर्णिया भाजपा में इस नए नेतृत्व का उद्देश्य जिले में पार्टी की गतिविधियों को और अधिक ऊर्जावान और संगठित बनाना है। मुख्यालय प्रभारी ने यह भी निर्देशित किया है कि नवनियुक्त कार्यकारी जिलाध्यक्ष तत्काल अपने दायित्वों को संभालें ताकि आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और संगठनात्मक कार्यों का निष्पादन निर्बाध रूप से सुनिश्चित किया जा सके।
रिपोर्ट - वंदना शर्मा