Bihar News: दहेज की भेंट चढ़ी एक और बेटी! पुलिस ने कब्र से निकाला शव, हैवान पति की करतूत देख कांप जाएगी रूह

Bihar News: पटना में एक बार फिर दहेज हत्या का मामला सामने आया है। कथित तौर पर ससुराल वालों ने दहेज के लिए विवाहिता को मौत के घाट उतार दिया और उसे दफना भी दिया। वहीं अब पुलिस ने कब्र से महिला के शव को निकाला है।

दहेज हत्या
क्रब से निकाली गई लाश - फोटो : reporter

Bihar News:  समाज में दहेज रूपी दानव ने एक और हंसते-खेलते घर को उजाड़ दिया है। दहेज प्रताड़ना के एक रोंगटे खड़े कर देने वाले मामले में पुलिस ने प्रशासन की मौजूदगी में कब्र खोदकर महिला का शव बाहर निकाला है। परिजनों के गंभीर आरोपों के बाद हरकत में आई पुलिस ने यह कदम उठाया ताकि मौत के असली कारणों का पता चल सके। हैरानी की बात यह है कि जिस पति ने उम्र भर साथ निभाने की कसम खाई थी, उसे ही हत्या और प्रताड़ना के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, मामला राजधानी पटना के दीघा थाना क्षेत्र का है। जहां दहेज प्रताड़ना की शिकायत के बाद एक मृतका का शव कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से जुड़ा है। दीघा थाना क्षेत्र स्थित एसटीटीआई इलाके की रहने वाली आसमा खातून की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। मृतका के परिजनों को जब इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने दीघा थाना में दहेज प्रताड़ना, मारपीट और हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई।

पति गिरफ्तार

शिकायत के बाद दीघा पुलिस स्टेशन की पुलिस ने ससुराल पक्ष द्वारा दफनाए गए शव को दो दिन बाद कब्र से निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए PMCH भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में मृतका के पति मोहम्मद तौफीक को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, तौफीक ने तीन शादियां की थीं, जिनमें आसमा खातून उनकी दूसरी पत्नी थीं। मृतका के पटना सिटी खांचेकला निवासी मामा मो. ऐनुल हक के बयान पर पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

व्हाट्सएप वीडियो से बढ़ा संदेह

परिजनों के अनुसार, 26 फरवरी 2026 को उन्हें व्हाट्सएप पर एक वीडियो मिला, जिसमें मृतका के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही थी। इसके बाद आसमा खातून की खोजबीन शुरू की गई। बताया गया है कि 20 जुलाई 2025 को मोहम्मद तौफीक से उनकी शादी हुई थी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही इस संदिग्ध मौत की गुत्थी सुलझने की उम्मीद है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट