TRE-4 शिक्षक भर्ती में फंसा बड़ा पेच! 32,388 शिक्षकों की अधर में लटकी नियुक्ति , इस कारण बढ़ी मुश्किल

BPSC TRE 4: बिहार में 32,388 शिक्षक पदों पर होने वाली BPSC TRE-4 भर्ती शुरू होने से पहले ही पेचीदगियों में फंसती नजर आ रही है। ...

BPSC TRE-4
TRE-4 शिक्षक भर्ती में फंसा बड़ा पेच!- फोटो : social Media

BPSC TRE 4:  बिहार में 32,388 शिक्षक पदों पर होने वाली BPSC TRE-4 भर्ती शुरू होने से पहले ही पेचीदगियों में फंसती नजर आ रही है। BPSC ने सितंबर में परीक्षा कराने का शेड्यूल जारी किया है, लेकिन परीक्षा से पहले वैकेंसी का आधिकारिक विज्ञापन निकलना जरूरी है। फिलहाल रिक्तियों की अंतिम सूची और पात्रता से जुड़े कई काम बाकी होने के कारण भर्ती प्रक्रिया पर समय का दबाव बढ़ गया है।

सबसे बड़ी अड़चन शिक्षकों के ट्रांसफर और समायोजन को माना जा रहा है। शिक्षा विभाग स्कूलों में शिक्षकों की संख्या और खाली पदों की दोबारा समीक्षा कर रहा है। जिन स्कूलों में जरूरत से ज्यादा शिक्षक हैं, वहां से शिक्षकों को उन स्कूलों में भेजा जा रहा है जहां पद खाली हैं। ऐसे में वर्तमान 32,388 पदों का आंकड़ा अंतिम रहे, यह अभी तय नहीं है।

मसलन, किसी स्कूल में तीन शिक्षक कम हैं और दूसरे स्कूल से एक शिक्षक वहां भेज दिया जाता है तो रिक्त पद घटकर दो रह जाएगा। दूसरी तरफ जिस स्कूल से शिक्षक स्थानांतरित हुआ, वहां नया पद खाली हो सकता है। इसी वजह से ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिक्तियों की तस्वीर बदल सकती है।

इसके अलावा मैथिली, संगीत, अरबी, फारसी और उर्दू जैसे विषयों के शिक्षक पद भी जोड़े जाने की बात सामने आ रही है। इन सभी बदलावों के बाद शिक्षा विभाग को रोस्टर तैयार कर अंतिम रिक्तियों की सूची BPSC को देनी होगी। इसके बाद ही भर्ती का विज्ञापन जारी करना संभव होगा।

दूसरी बड़ी चुनौती STET-2026 है। 17 अगस्त से STET के आवेदन शुरू होने हैं। पहले परीक्षा होगी और फिर परिणाम जारी होगा। इसके बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कौन अभ्यर्थी STET पास करके TRE-4 के लिए पात्र होगा।

TRE-4 परीक्षा 22 से 27 सितंबर के बीच प्रस्तावित है। यानी STET आवेदन से TRE-4 परीक्षा तक करीब 36 दिन का ही अंतर है। इसी अवधि में STET की परीक्षा, रिजल्ट, TRE-4 आवेदन, पात्रता जांच और एडमिट कार्ड जैसी प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी।TRE-4 में PT और Mains की दो स्तरीय व्यवस्था प्रस्तावित होने के साथ STET की पात्रता भी जुड़ गई है। ऐसे में अगर STET का रिजल्ट समय पर नहीं आया या रिक्तियों का अंतिम निर्धारण लंबा खिंचा, तो TRE-4 की परीक्षा तारीख आगे बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।