Bihar Bullet Train: बिहार में दौड़ेगी 320 की रफ्तार वाली बुलेट ट्रेन, पटना से दिल्ली का सफर सिर्फ 4 घंटे 41 मिनट में, यहां बन रहा है स्टेशन!

Bihar Bullet Train: पटना में बुलेट ट्रेन स्टेशन को लेकर फुलवारीशरीफ एम्स के आसपास और बिहटा के इलाकों की चर्चा है। ...

Bullet Train Patna
बिहार में दौड़ेगी 320 की रफ्तार वाली बुलेट ट्रेन- फोटो : social Media

Bihar Bullet Train: पटना में बुलेट ट्रेन स्टेशन को लेकर फुलवारीशरीफ एम्स के आसपास और बिहटा के इलाकों की चर्चा है। बिहटा में पर्याप्त जमीन की उपलब्धता के साथ एयरपोर्ट और औद्योगिक क्षेत्र से कनेक्टिविटी को भी संभावित स्थान के पक्ष में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दिल्ली से वाराणसी, पटना होते हुए सिलीगुड़ी तक प्रस्तावित हाईस्पीड बुलेट ट्रेन कॉरिडोर बिहार के लिए परिवहन के क्षेत्र में बड़ा बदलाव ला सकता है। प्रस्तावित नेटवर्क उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल समेत चार राज्यों को जोड़ेगा। इस कॉरिडोर के जरिए देश की राजधानी दिल्ली से बिहार के प्रमुख शहरों होते हुए उत्तर बंगाल तक तेज रफ्तार रेल कनेक्टिविटी विकसित करने की योजना है।

बिहार में प्रस्तावित रूट बक्सर, आरा, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, कटिहार, पूर्णिया और किशनगंज से होकर गुजरने की बात कही जा रही है। अब तक उपलब्ध जानकारी के अनुसार राज्य में बक्सर, पटना, बेगूसराय, खगड़िया और कटिहार में पांच स्टेशन बनाए जाने का प्रस्ताव है। इससे बिहार के कई प्रमुख आर्थिक, धार्मिक और शैक्षणिक केंद्र हाईस्पीड रेल नेटवर्क से जुड़ सकेंगे।

पटना में बुलेट ट्रेन स्टेशन को लेकर फुलवारीशरीफ एम्स के आसपास और बिहटा के इलाकों की चर्चा है। बिहटा में पर्याप्त जमीन की उपलब्धता के साथ एयरपोर्ट और औद्योगिक क्षेत्र से कनेक्टिविटी को भी संभावित स्थान के पक्ष में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, अभी स्टेशन की जगह को लेकर अंतिम आधिकारिक निर्णय नहीं हुआ है।

भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी फिलहाल शुरू नहीं हुई है। पहले रूट का सर्वे और डीपीआर (Detailed Project Report) तैयार होगी। इसके बाद प्रभावित इलाकों की जमीन की सूची तैयार कर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

इस हाईस्पीड कॉरिडोर की अनुमानित लंबाई करीब 1550 से 1560 किलोमीटर बताई जा रही है। प्रस्तावित बुलेट ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 320 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। इसके चलते पटना और दिल्ली के बीच यात्रा का समय मौजूदा रेल यात्रा की तुलना में काफी कम होने की उम्मीद है। प्रस्तावित समय के मुताबिक पटना से दिल्ली की दूरी करीब 4 घंटे 41 मिनट में पूरी की जा सकेगी।

फिलहाल तेजस जैसी प्रीमियम ट्रेन से भी पटना से दिल्ली पहुंचने में 12 घंटे से अधिक का वक्त लगता है। विमान से उड़ान का समय करीब डेढ़ से दो घंटे है, लेकिन एयरपोर्ट तक पहुंचने, सुरक्षा जांच और बोर्डिंग जैसी प्रक्रियाओं में अतिरिक्त समय लगता है। ऐसे में हाईस्पीड ट्रेन का विकल्प लंबी दूरी की यात्रा का स्वरूप बदल सकता है।

बिहार को प्रस्तावित सात हाईस्पीड कॉरिडोर से जोड़ने की योजना में दिल्ली-वाराणसी, वाराणसी-सिलीगुड़ी, मुंबई-पुणे, पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-बेंगलुरु, हैदराबाद-चेन्नई और चेन्नई-बेंगलुरु कॉरिडोर शामिल बताए गए हैं। केंद्रीय बजट 2026-27 में दिल्ली-वाराणसी-पटना-सिलीगुड़ी हाईस्पीड रेल परियोजना की घोषणा की गई थी। परियोजना की डीपीआर के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और काम आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ने की जानकारी दी गई है।