Patna News: पीएमसीएच में फाइव स्टार जैसी सुविधाएं, इसी माह शुरू होगी वन-स्टॉप सर्विस, 150 एसी बेड और 4 नए OT तैयार

Patna News: पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मरीजों को जल्द ही एक ही परिसर में बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलने लगेगा।...

PMCH

Patna News: पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल यानी पीएमसीएच में मरीजों को जल्द ही एक ही परिसर में बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलने लगेगा। अस्पताल की पुनर्विकास परियोजना के तहत तैयार नए भवन में इसी माह के अंत तक कई अहम सेवाएं पूरी तरह शुरू करने की तैयारी है। अस्पताल प्रशासन का जोर ऐसी वन-स्टॉप सर्विस विकसित करने पर है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को पर्ची कटाने, जांच कराने और दवा लेने के लिए अलग-अलग भवनों की दौड़ न लगानी पड़े।

नए भवन में मरीजों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए मॉल की तर्ज पर एस्केलेटर लगाए गए हैं। इससे लिफ्ट और सीढ़ियों पर दबाव कम होने के साथ बुजुर्ग और दिव्यांग मरीजों को भी सहूलियत मिलेगी। वहीं, परिजनों के लिए विशाल वेटिंग लाउंज तैयार किया गया है, जहां वे आराम से बैठकर मरीज का इंतजार कर सकेंगे।अस्पताल में आधुनिक कैफेटेरिया की सुविधा भी विकसित की जा रही है। डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और मरीजों के परिजनों के लिए प्रस्तावित कैफेटेरिया का टेंडर अगले 8-10 दिनों में पूरा किए जाने की तैयारी है।

पुनर्विकास परियोजना के तहत नए सर्जिकल विंग में 150 एसी बेड का इनडोर वार्ड, चार अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर और डेडिकेटेड इमरजेंसी यूनिट तैयार की जा रही है। इसी माह सर्जरी और प्लास्टिक सर्जरी विभाग को नए भवन में शिफ्ट करने की तैयारी है। प्लास्टिक सर्जरी विभाग को आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर मिलने से जटिल सर्जरी की सुविधाओं को विस्तार मिलने की उम्मीद है।

नए परिसर में 24 घंटे क्लिनिकल पैथोलॉजी जांच और इनडोर फार्मेसी की सुविधा भी उपलब्ध होगी। खुले परिसर में नई ओपीडी फार्मेसी बनाई जा रही है, जबकि वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था की जा रही है। इससे बुजुर्ग मरीजों को लंबी कतार में लगने की परेशानी कम हो सकती है।

पीएमसीएच की इमरजेंसी व्यवस्था में ट्राइएज सिस्टम भी अहम बदलाव होगा। इसमें मरीजों को उनकी गंभीरता के आधार पर रेड, येलो और ग्रीन जोन में रखा जाएगा। रेड जोन में अति गंभीर मरीजों का तत्काल उपचार शुरू होगा। येलो जोन में ऐसे मरीज होंगे जिन्हें निगरानी और उपचार की जरूरत है, जबकि ग्रीन जोन में कम गंभीर मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया जाएगा।

चरणबद्ध शिफ्टिंग के तहत सेंट्रल ओपीडी, रजिस्ट्रेशन, रेडियोलॉजी और प्रशासनिक कार्यालय पहले ही नए भवन में आ चुके हैं। अब सर्जरी और प्लास्टिक सर्जरी विभाग की शिफ्टिंग की तैयारी है। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त इलाज और सर्जरी का दायरा बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।