बंटी यादव हत्याकांड : मंत्री रामकृपाल और सांसद पप्पू यादव ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, सरकार की यह मांग

राजधानी पटना के न्यू करबिगहिया इलाके के रहने वाले बंटी यादव के अपहरण और फिर निर्मम हत्या के मामले को लेकर बिहार में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। मंगलवार को मंत्री रामकृपाल यादव और पूर्णिया के सांसदपप्पू यादव ने मुलाकात की...

बंटी यादव हत्याकांड : मंत्री रामकृपाल और सांसद पप्पू यादव ने
बंटी यादव के परिजनों से मिले मंत्री रामकृपाल और सांसद पप्पू यादव- फोटो : रिपोर्टर

Patna : राजधानी पटना के न्यू करबिगहिया इलाके के रहने वाले बंटी यादव के अपहरण और फिर निर्मम हत्या के मामले को लेकर बिहार में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। मंगलवार को बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव और पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने अलग-अलग पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। दोनों नेताओं ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, हालांकि पप्पू यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।


मंत्री रामकृपाल यादव ने पुलिस की लापरवाही पर उठाए सवाल

पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे मंत्री रामकृपाल यादव ने इस हत्या को एक जघन्य अपराध बताया। उन्होंने कहा कि परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य की मौत से पूरा परिवार गहरे संकट में है। मंत्री ने पुलिस की शुरुआती भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब पीड़ित परिवार शिकायत लेकर जक्कनपुर थाने गया, तो पुलिस ने केस दर्ज करने के बजाय उन्हें सीमा विवाद (क्षेत्राधिकार) का हवाला देकर टाल दिया। पुलिस को ऐसे मामले में तुरंत 'जीरो एफआईआर' दर्ज कर संबंधित थाने को केस ट्रांसफर करना चाहिए था। हालांकि, बाद में सरकार और पटना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।


रामकृपाल यादव ने साफ किया कि सरकार अपराध के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' (बिल्कुल बर्दाश्त न करने) की नीति पर काम कर रही है और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने पीड़ित परिवार को सरकारी मदद दिलवाने का भी भरोसा दिया और कहा कि बंटी यादव जिस सेक्स रैकेट के खिलाफ आवाज उठा रहे थे, वह इलाके में काफी समय से एक्टिव था।


सांसद पप्पू यादव: करोड़ मुआवजा और फांसी की मांग

दूसरी ओर, सांसद पप्पू यादव ने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें आर्थिक सहायता दी और सरकार के सामने कई बड़ी मांगें रखीं। उन्होंने इस मामले में स्पीडी ट्रायल (त्वरित सुनवाई) चलाकर दोषियों को फांसी की सजा देने की वकालत की। वहीं सांसद पप्पू यादव की सरकार से मांग करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और पूरी सुरक्षा मुहैया कराई जाए।


पुलिस और माफिया सांठगांठ के गंभीर आरोप

मीडिया से बात करते हुए पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों, शराब माफिया, जमीन माफिया और सेक्स रैकेट चलाने वालों को राजनीतिक व प्रशासनिक संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि बंटी यादव ने इस अवैध धंधे के खिलाफ पहले ही पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई एक्शन नहीं लिया।


पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पटना समेत पूरे बिहार में चल रहे अवैध सेक्स रैकेट के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया जाए और जक्कनपुर व कोतवाली थाने की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसवालों को सस्पेंड किया जाए। साथ ही उन्होंने शहर के सभी होटलों, हॉस्टलों और मसाज पार्लरों की जांच करने व उनके सीसीटीवी फुटेज खंगालने की भी मांग की है।