Bihar Weather: बिहार में गर्मी का 'महा-टॉर्चर'! पटना से गया तक पारा 41 पार, जानें आपके शहर का क्या है हाल?
Bihar Weather: बिहार में गर्मी का अलर्ट जारी है। पटना से गया तक पारा 41 डिग्री से पार हो गया है। इसी बीच मौसम विभाग ने सीमांचल में बारिश का अलर्ट जारी किया है, हालांकि पटना में भीषण गर्मी का दौर जारी है।
Bihar News: बिहार में गर्मी का असर बढ़ते जा रहा है। अगले दो से तीन दिनों तक भीषण गर्मी परेशान कर सकती है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को राज्य का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस डेहरी (रोहतास) में दर्ज किया गया, जबकि वैशाली में न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक मौसम में किसी बड़े परिवर्तन की संभावना से इनकार किया है।
पटना में लगातार चढ़ रहा पारा
राजधानी पटना में भी गर्मी का असर तेज होता जा रहा है। बुधवार को अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, मंगलवार को भी तापमान 0.4 डिग्री बढ़कर 37.7 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था। तेज धूप और बढ़ती गर्मी के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला और लोग केवल जरूरी काम के लिए ही घरों से बाहर निकले। आने वाले कुछ दिनों में भी पटना सहित राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। उत्तर-पूर्वी बिहार को छोड़कर पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है।
सीमांचल में होगी बारिश
भीषण गर्मी के बीच उत्तर-पूर्वी बिहार, खासकर सीमांचल क्षेत्र के लोगों के लिए थोड़ी राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार 17 से 19 अप्रैल के बीच अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। हालांकि यह वर्षा सीमित क्षेत्रों तक ही रहेगी, लेकिन इससे स्थानीय स्तर पर तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। वहीं, 16 अप्रैल को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।
18 अप्रैल से भीषण गर्मी की चेतावनी
इधर, मौसम विभाग ने 18 अप्रैल से गर्मी के और तेज होने की चेतावनी दी है। दक्षिण और मध्य बिहार के बक्सर, रोहतास, कैमूर, भोजपुर, औरंगाबाद, गया और पटना जिलों में हीट वेव (लू) चलने की प्रबल आशंका जताई गई है। विभाग ने इन इलाकों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इन जिलों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर जा सकता है, जिससे लू लगने और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाएगा। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।