Bihar News: सावधान! पटना में 'चेन स्नैचर्स' का तांडव, सरेआम महिलाओं से लूट, पुलिस गश्ती पर खड़े हुए बड़े सवाल
Bihar News: राजधानी पटना में अपराधियों का तांडव देखने को मिल रहा है। बेखौफ अपराधियों ने सरेआम महिलाओं से लूट की घटना को अंजाम दिया है। एक हफ्ते में अपराधियों ने 4 से 5 बड़ी वारदात को अंजाम दिया है।
Bihar News: बिहार में आपराधिक घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही है। बेखौफ अपराधी एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। चोरी, लूट, छिनतई, डकैती और हत्या तो आम बात हो गई है। लगातार हो रहे घटनाओं से ना सिर्फ पुलिस प्रशासन पर बल्कि लॉ एंड ऑर्डर पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पॉश इलाकों में भी घटनाएं घट रही है। राजधानी पटना में इन दिनों छिनतई की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। एक के बाद एक महिलाओं के साथ छिनतई की घटना घट रही है। दहशत में महिलाएं घर से बाहर निकलने में भी डर रही हैं।
छिनतई से लोगों में दहशत
खासकर राजेंद्र नगर पटना और कदमकुआं पटना थाना क्षेत्र में लगातार हो रही वारदातों ने पुलिस गश्ती पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला राजेंद्र नगर रोड नंबर 6 के पास का है। जो शहर का वीवीआईपी इलाका माना जाता है। यहां न्यायिक अधिकारियों, पुलिस के वरिष्ठ अफसरों और प्रसिद्ध गायिका शारदा सिन्हा के आवास भी स्थित हैं। इसी इलाके में एक व्यवसायी परिवार की महिला अपनी बेटी के साथ घर लौट रही थी, तभी बाइक सवार दो अपराधियों ने पीछे से झपट्टा मारकर करीब 20 ग्राम सोने की चेन छीन ली।
एक हफ्ते में 4-5 वारदातें
जानकारी अनुसार अपराधियों के झपट्टे में चेन टूट गई, जिसमें आधा हिस्सा अपराधी लेकर फरार हो गए। गौरतलब हो कि, कदमकुआं थाना क्षेत्र में बीते एक सप्ताह के भीतर 4 से 5 छिनतई की घटनाएं सामने आई हैं। 19 अप्रैल को दिनकर चौक के पास एक छात्र से बैग छीनने की घटना भी हुई थी। इसके अलावा शहर के अलग-अलग इलाकों में चेन स्नैचिंग की कई वारदातें हो चुकी हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से साफ है कि बाइक सवार अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की जरूरत है, ताकि अपराध पर लगाम लगाई जा सके।
पुलिस पर उठ रहे सवाल
मालूम हो कि, पटना में लगातार बढ़ रही छिनतई की घटनाएं पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। पटना में बीते एक सप्ताह के भीतर 4 से 5 वारदातें सामने आ चुकी हैं, जिससे साफ है कि अपराधियों में पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है। एक तरफ पुलिस अपराध पर नियंत्रण के दावे कर रही है, वहीं जमीनी हकीकत इसके उलट दिखाई दे रही है। सरेआम बाइक सवार बदमाश वारदातों को अंजाम देकर फरार हो रहे हैं और पुलिस अब तक उन्हें पकड़ने में नाकाम रही है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर गश्ती व्यवस्था कितनी प्रभावी है और क्यों अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं। लगातार हो रही घटनाओं ने आम लोगों की सुरक्षा पर भी चिंता बढ़ा दी है और अब लोगों को सख्त कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस की जवाबदेही तय होने का इंतजार है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट