Bihar News: पटना में अपराधियों का आतंक, दवा कारोबारी से चेन स्नैचिंग, इलाके में मचा हड़कंप

Bihar News: राजधानी पटना में अपराधियों का तांडव लगातार जारी है। अपराधी एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इस बार अपराधियों ने दवा कारोबारी को निशाना बनाया है।

चेन स्नैचिंग
दवा कारोबारी से चेन स्नैचिंग - फोटो : reporter

Bihar News: राजधानी पटना में लगातार हो रही चेन छिनतई की घटनाओं ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों में अपराधी बेखौफ वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो रहे हैं, जबकि पुलिस जांच के नाम पर सीसीटीवी फुटेज खंगालने और जल्द गिरफ्तारी के दावे तक सीमित नजर आ रही है।

दवा कारोबारी से चेन स्नैचिंग 

ताजा मामला कदमकुआं थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर रोड नंबर-12 के पास का है। जहां जज के आवास के समीप एक दवा कारोबारी से 27 ग्राम सोने की चेन छीन ली गई। जानकारी के अनुसार, कारोबारी अपने लीगल एडवाइजर से मिलने स्कूटी से पहुंचे थे। इसी दौरान शुक्रवार शाम करीब साढ़े 8 बजे एक अज्ञात अपराधी ने पीछे से आकर उनके गले से चेन झपट ली और मौके से फरार हो गया।

जांच में जुटी पुलिस 

पीड़ित सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि उनका दवा का कारोबार पीरबहोर थाना क्षेत्र स्थित गोविंद मित्रा रोड दवा मंडी में है। वह कानूनी सलाह लेने अपने अधिवक्ता से मिलने पहुंचे थे तभी यह घटना हुई। पीड़ित ने अज्ञात अपराधी के हुलिये की जानकारी पुलिस को दी है। कदमकुआं थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। 

दो दिनों में आधा दर्जन मामला 

गौरतलब है कि महज दो दिनों के भीतर इस क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक चेन छिनतई की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। वहीं बाकरगंज के समीप बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधियों द्वारा एक और वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी गई है। लगातार बढ़ रही इन घटनाओं से आम लोगों में दहशत का माहौल है। हालांकि पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पटना से अनिल की रिपोर्ट