Bihar Police Raid: पटना में सुबह सुबह छापेमारी, बाढ़ उपकारा में अहले सुबह पहुंची टीम, जेल प्रशासन में मचा हड़कंप

Bihar Police Raid: पटना के बेऊर जेल के बाद बाढ़ मंडल उपकारा में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन छापेमारी की। पिछले दो दिनों से राज्य के सभी जिलों में छापेमारी जारी है।

बाढ़ उपकारा में छापेमारी
बाढ़ उपकारा में छापेमारी - फोटो : reporter

Bihar Police Raid: बिहार में “सम्राट युग” की शुरुआत के साथ ही प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। अपराध और अपराधियों पर लगाम कसने के उद्देश्य से 2 दिनों से सभी जिलों के जेलों में छापेमारी की जा रही है। बीते दिन मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, मुंगेर, भागलपुर, सीतामढ़ी, सीवान सहित कई जिलों के जेल में छापेमारी हुई थी। वहीं शनिवार को पटना के बेऊर जेल और बाढ़ मंडल उपकारा में छापेमारी की जानकारी मिल रही है। पटना के बेऊर जेल से मोबाइल बरामद हुआ है तो वहीं बाढ़ उपकारा से कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला है।

हाजत में सो रहे थे बंदी

जानकारी अनुसार शनिवार की अहले सुबह बाढ़ अनुमंडल स्थित बाढ़ मंडल उपकारा में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन छापेमारी की। इस कार्रवाई में एसडीएम और एसडीपीओ के साथ कई थानों की पुलिस बल शामिल रही। छापेमारी के दौरान महिला वार्ड सहित जेल के सभी वार्डों की बारीकी से तलाशी ली गई। उस समय अधिकांश बंदी अपने-अपने हाजत में सो रहे थे।

आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं 

एसडीपीओ रामकृष्ण ने बताया कि हर वार्ड की गहन जांच की गई, लेकिन छापेमारी में कोई भी आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यह कार्रवाई नियमित जांच के तहत की गई थी। प्रशासन का कहना है कि जेलों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की औचक छापेमारी आगे भी जारी रहेगी।

बाढ़ से रविशंकर की रिपोर्ट