Bihar News: बक्सर में जदयू जिलाध्यक्ष चुनाव परिणाम के बाद बवाल, सीएम नीतीश से कार्यकर्ताओं ने कर दी बड़ी मांग

Bihar News: कार्यकर्ताओं की मांग है कि या तो चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच हो या फिर परिणाम को रद्द किया जाए। इस पूरे मामले पर बक्सर के निर्वाचन पदाधिकारी कुमार जैनेंद्र का बयान भी सामने आया है।

जदयू कार्यालय
जदयू कार्यालय के बाहर बवाल- फोटो : social media

Bihar News: पटना स्थित जदयू के प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को बक्सर जिला अध्यक्ष चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं ने जोरदार हंगामा किया। नाराज कार्यकर्ता कार्यालय के प्रवेश द्वार पर धरने पर बैठ गए और प्रदेश नेतृत्व तथा निर्वाचन पदाधिकारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बक्सर जिला अध्यक्ष चुनाव में अनियमितता हुई है और पक्षपात कर परिणाम घोषित किया गया। 

जदयू कार्यालय के बाहर भारी बवाल 

उनका कहना है कि निर्वाचन प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से नहीं कराई गई। बक्सर से आए डेलीगेट्स ने बताया कि 1 मार्च को हुए चुनाव में उन्होंने बड़ी संख्या में पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक कुमार यादव को वोट दिया था। उनके मुताबिक लगभग 205 वोट अशोक कुमार यादव को मिले, लेकिन परिणाम में राज कुमार शर्मा को जिलाध्यक्ष घोषित कर दिया गया। 

न्याय नहीं मिला तो देते रहेंगे धरना 

डेलीगेट्स ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब इतने वोट अशोक कुमार यादव को मिले तो फिर राज कुमार शर्मा को जिलाध्यक्ष कैसे बना दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में गड़बड़ी हुई है और निर्वाचन पदाधिकारी पर भी पक्षपात के आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, वे धरने से नहीं हटेंगे। 

परिणाम रद्द करने की मांग  

उनका कहना है कि या तो चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच हो या फिर परिणाम को रद्द किया जाए। इस पूरे मामले पर बक्सर के निर्वाचन पदाधिकारी कुमार जैनेंद्र का बयान भी सामने आया है, जिसमें उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को नियमों के अनुसार बताया है। हालांकि नाराज कार्यकर्ता अभी भी विरोध प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं।

पटना से अभिजीत की रिपोर्ट