Chhoti Patandevi Patna: 51 किलो चांदी से बना रजत सिंहासन, नवरात्रि पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं

पटना सिटी स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ स्थल मां छोटी पटनदेवी मंदिर में शारदीय नवरात्रि की तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार माता रानी 51 किलो शुद्ध चांदी से बने भव्य रजत सिंहासन पर विराजेंगी।कामाख्या व वाराणसी के विद्वान कराएंगे 'चंडी पुनर्स्थापना महायज्ञ'।

Chhoti Patandevi Silver Throne
मां छोटी पटनदेवी मंदिर खातिर 51 किलो चांदी से बना रजत सिंहासन- फोटो : Reporter

पटना सिटी स्थित आदि अनादि मूल शक्तिपीठ स्थल मां छोटी पटनदेवी मंदिर में शारदीय नवरात्रि की तैयारियां पूरे जोरों पर हैं। इस वर्ष नवरात्रि के पावन अवसर पर मां छोटी पटनदेवी 51 किलो शुद्ध चांदी से निर्मित भव्य 'रजत सिंहासन' पर स्वर्ण पाषाण मंडप में स्थापित होंगी। इस विशेष पहल से मंदिर की भव्यता और श्रद्धालुओं की आस्था में एक नया अध्याय जुड़ेगा।


11 से 19 अक्टूबर तक आयोजित होगा चंडी पुनर्स्थापना महायज्ञ

माता जी की जनसेवी संस्था 'श्री पटनदेवी जी गौ मानस सेवा संस्थानम्' के तत्वावधान में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। मंदिर के पीठाचार्य आचार्य अभिषेक अनंत द्विवेदी के कुशल मार्गदर्शन में कामाख्या और वाराणसी से आ रहे प्रकांड विद्वानों द्वारा 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक 'चंडी पुनर्स्थापना महायज्ञ' संपन्न कराया जाएगा। इस दौरान परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और चंडी पाठ की गूंज रहेगी।


श्रद्धालुओं और व्रतियों के लिए की गई विशेष सुविधाएं

मंदिर आने वाले भक्तों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा गया है। दर्शनार्थियों के लिए प्रत्यक्ष एवं झरोखा दर्शन दोनों की व्यवस्था रहेगी। साथ ही श्रद्धालुओं को पाठ, जप, ध्यान और पूजा-अर्चना के लिए नियमबद्ध स्थान निर्धारित किए गए हैं। नवरात्रि का व्रत रखने वाली महिला श्रद्धालुओं के लिए फलाहार, शीतल पेयजल और विश्राम स्थल की विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे किसी को कोई परेशानी न हो।


प्रवेश द्वार पर पार्किंग व जूता-चप्पल काउंटर का प्रबंध

मंदिर प्रबंधन की ओर से मुख्य प्रवेश द्वार पर श्रद्धालुओं के वाहन पार्किंग, जूता-चप्पल सुरक्षित रखने और हाथ-पैर धोने की समुचित व्यवस्था की गई है। संस्थान के अध्यक्ष बाबा विवेक द्विवेदी ने बैठक के दौरान इन व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर संयोजक संतोष पांडेय, दिलीप कुमार, प्रदीप यादव, उदय शर्मा, परमहंस तिवारी और अरुण खत्री सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।

पटनासिटी से रजनीश की रिपोर्ट