सीएम सम्राट चौधरी का निर्देश: योजनाओं की मॉनिटरिंग में होगा AI का उपयोग, भ्रामक खबरों पर लगेगा लगाम

सीएम सम्राट चौधरी का निर्देश: योजनाओं की मॉनिटरिंग में होगा
सीएम सम्राट चौधरी का निर्देश,भ्रामक खबरों पर लगेगा लगाम- फोटो : रंजन कुमार

Patna : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में राज्य सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार और पारदर्शिता को लेकर कई कड़े निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बिहार तेजी से तरक्की कर रहा है और सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं बुनियादी सुविधाओं की जानकारी आम जनता तक त्वरित और सही ढंग से पहुँचनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को जनता के फीडबैक और शिकायतों पर पैनी नजर रखने को कहा है।


पारदर्शिता के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रयोग 

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने आधुनिक तकनीक की उपयोगिता पर जोर देते हुए कहा कि आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का महत्व काफी बढ़ गया है। उन्होंने सभी विभागों को अपनी योजनाओं के अनुश्रवण (Monitoring) में एआई का प्रयोग करने का निर्देश दिया ताकि कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे। इसके साथ ही, उन्होंने बिहार के सभी जिलों के लिए जिलावार एआई प्रयोग का प्लान तैयार करने को कहा है।


सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों का होगा खंडन 

सोशल मीडिया के दौर में गलत जानकारियों के प्रसार को रोकने के लिए मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने निर्देश दिया कि यदि किसी भी प्लेटफॉर्म पर सरकार के खिलाफ कोई तथ्यहीन, भ्रामक या नकारात्मक खबर प्रसारित होती है, तो विभाग को पूरी सत्यता और तथ्यों के साथ तत्काल उसका खंडन करना चाहिए। इससे जनता के बीच किसी भी प्रकार के भ्रम की स्थिति पैदा नहीं होगी।


बिहार की उपलब्धियों और विरासत की होगी ब्रांडिंग 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार का अतीत गौरवशाली रहा है और यहाँ की उपलब्धियों, बदलावों एवं हेरिटेज के बारे में राज्य के बाहर के लोगों को भी सुगमता से जानकारी मिलनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिलों के महत्वपूर्ण स्थलों, उनकी विशेषताओं और वहां विकसित की गई आधारभूत संरचनाओं की जानकारी जिलावार उपलब्ध कराई जाए, ताकि बिहार की एक सशक्त छवि देश-दुनिया के सामने आए।


उच्च स्तरीय बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद 

लोक सेवक आवास के 'संकल्प' सभागार में आयोजित इस बैठक में सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने विभाग की अद्यतन स्थिति और भावी कार्ययोजनाओं का विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव लोकेश कुमार सिंह, विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ. गोपाल सिंह और सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के निदेशक अनिल कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।


रंजन की रिपोर्ट