लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित, चिराग पासवान ने सुरेंद्र विवेक को बनाया बिहार प्रदेश अध्यक्ष

चिराग पासवान ने अपनी पार्टी लोजपा (रा) को राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने की रणनीति के तहत नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित की है, इसमें बिहार के लिए सुरेंद्र विवेक को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है.

Chirag Paswan / Surendra Vivek
Chirag Paswan / Surendra Vivek- फोटो : news4nation

Bihar News :  लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बुधवार को पार्टी की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की। आगामी दिनों में जिन आठ राज्यों में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं, उन्हें केंद्र में रखते हुए यह कार्यकारिणी गठित की गई है, ताकि संगठन हर राज्य में चुनावी चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार रहे। वहीं पार्टी ने बिहार के लिए सुरेंद्र विवेक को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है. 


नई कार्यकारिणी की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ नए चेहरों को सौंपी गई हैं। पार्टी नेतृत्व ने उन कार्यकर्ताओं पर भरोसा जताया है जिन्होंने ज़मीन पर काम कर संगठन को मज़बूत किया है।  पार्टी नेताओं का कहना है कि यह इस बात का प्रमाण है कि लोजपा (रामविलास) में मेहनत करने वाले कार्यकर्ता के लिए रास्ता हमेशा खुला है।


इसके साथ ही कार्यकारिणी में युवाओं और महिलाओं को उनकी समुचित भागीदारी दी गई है। पार्टी की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा के बाद लोजपा (रा) ने कहा कि स्वर्गीय पद्म भूषण रामविलास पासवान की सोच रही कि संगठन समाज का दर्पण हो - यह सूची उसी सोच को आगे बढ़ाती है। 


वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पद नहीं, ज़िम्मेदारी है, और हर पदाधिकारी को अपने क्षेत्र में संगठन को बूथ स्तर तक मज़बूत करना है।