Bihar Politics: 'चुनाव फायदे के लिए बिहार को बदनाम कर रहे तेजस्वी', चिराग पासवान का बड़ा हमला, पूछ लिया चुभने वाला सवाल
Bihar Politics: चिराग पासवान ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव चुनावी फायदे के लिए अपने ही राज्य बिहार को बदनाम कर रहे हैं। चिराग पासवान ने कहा कि तेजस्वी दूसरे राज्यों में जाकर यह बता रहे हैं कि बिहार देश का सबसे गरीब राज्य है, लेकिन उन्हें यह भी बताना चाहिए कि बिहार को गरीब बनाए रखने के लिए कौन जिम्मेदार था। उन्होंने आरोप लगाया कि आरजेडी और उसका नेतृत्व ही इसके लिए जिम्मेदार रहा है।
‘90 के दशक का शासन जिम्मेदार’
चिराग ने कहा कि 1990 के दशक में आरजेडी के शासनकाल के कारण ही बिहार पिछड़ गया और बड़ी संख्या में लोगों को राज्य छोड़कर पलायन करना पड़ा। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान देना शर्मनाक है और इससे बिहार की छवि खराब होती है।
नीतीश की सुरक्षा पर भी दी प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा बढ़ाए जाने के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि आने वाली नई सरकार नीतीश कुमार के मान-सम्मान में कोई कमी नहीं होने देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन वरिष्ठ नेताओं के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
केरल में बिहार को बताया गरीब राज्य
दरअसल, तेजस्वी यादव केरल के मलप्पुरम जिले के पोन्नानी क्षेत्र में माकपा उम्मीदवार एम. के. साकीर के समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर स्थानीय लोगों के समर्थन के लिए आभार भी जताया। इस दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि वो उस राज्य बिहार से आएं हैं जो देश का सबसे गरीब राज्य है। उन्होंने कहा कि बिहार में हमलोग कहते हैं कि बिहार को केरल जैसा होना चाहिए। तेजस्वी के इस बयान से बिहार की सियासत गरमाई हुई है।
पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट