Patna News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पटना को तीन बड़ी सौगात देंगे। सीएम नीतीश आज शहर के पहले आधुनिक वेंडिंग जोन और हाइड्रोलिक कार पार्किंग के साथ गांधी मैदान के पास एफओबी की उद्घाटन करेंगे। दरअसल, राजधानी पटना में चल रहे कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों को पूरा कर लिया गया है। इसमें कदमकुआं का पहला आधुनिक वेंडिंग जोन, गांधी मैदान के पास फुट ओवरब्रिज (एफओबी) और शहर की पहली हाइड्रोलिक कार पार्किंग प्रमुख रूप से शामिल हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी प्रगति यात्रा के दौरान इन परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इन प्रोजेक्ट्स को तेजी से पूरा किया गया है, जिसमें बेहतर लाइटिंग और रंग-रोगन का भी ध्यान रखा गया ताकि इसका भव्य शुभारंभ किया जा सके। इन परियोजनाओं को करोड़ों की लागत से बनाई गई है। इससे आम लोगों को कई सुविधाएं भी मिलेगी।
3 बड़े प्रोजेक्ट का उद्घाटन
जानकारी अनुसार वेंडिंग जोन (कदमकुआं) का निर्माण 8 करोड़ रुपए की लागत से बनी है। इसमें 6 मंजिला संरचना है जहां 200 वेंडर्स अपनी दुकानें लगा सकेंगे। साथ ही दोपहिया वाहनों के लिए स्वचालित पार्किंग की भी सुविधा मिलेगी। वहीं गांधी मैदान के पास फुट ओवरब्रिज का निर्माण 4 करोड़ रुपए की लागत से की गई है। इससे संत जेवियर स्कूल के विद्यार्थियों और आम जनता के लिए सहूलियत होगी। यह लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा से सुसज्जित है। तीसरा अहम प्रोजेक्ट हाइड्रोलिक मल्टीलेवल पार्किंग (मौर्यालोक व बुद्ध मार्ग) है। जिसमें 156 कारों की पार्किंग क्षमता है। दोनों हिस्सों में स्ट्रक्चर तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उद्घाटन के बाद ये सुविधाएं जनता के लिए उपलब्ध होंगी, जिससे शहर में ट्रैफिक प्रबंधन और सार्वजनिक व्यवस्था बेहतर होगी।
500 योजनाओं का उद्घाटन
बता दें कि, पटना में शुक्रवार को विकास कार्यों की नई कड़ी जुड़ेगी। जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रगति यात्रा के तहत 1500 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 500 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कई बड़ी प्रस्तावित योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे। जिनमें पथ निर्माण विभाग और ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा सड़कों और पुलों के निर्माण व चौड़ीकरण की योजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं से शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
प्रमुख विकास योजनाएं
जेपी गंगा पथ का विस्तार- पश्चिम दिशा: दीघा से बिहटा (कोईलवर) तक विस्तार। पूर्व दिशा: दीदारगंज से मोकामा तक विस्तार। दीघा घाट के पास महाराष्ट्र और गुजरात के रिवर फ्रंट की तर्ज पर पर्यटन स्थल विकसित किया जाएगा। बाढ़ के उमानाथ मंदिर में पर्यटकीय सुविधाओं का विकास, श्मशान घाट का सौंदर्यीकरण और विद्युत शवदाह गृह का निर्माण।
सड़क और नहर विकास योजनाएं
रूपसपुर नहर से सगुना मोड़ तक भूमिगत नाले के साथ सड़क निर्माण। नेहरू पथ से गोला रोड तक सड़क चौड़ीकरण, जिससे नेहरू पथ से दीघा-एम्स पाटलिपथ को जोड़ा जाएगा। खगौल से नेहरू पथ होते हुए अशोक राजपथ तक रूपसपुर नहर पर फोरलेन सड़क का निर्माण। पटेल गोलंबर से इको पार्क के पश्चिमी छोर तक और इको पार्क के पूर्वी छोर से अटल पथ तक फोरलेन सड़क का निर्माण।
गंगा पथ में सुधार और विस्तार
गाय घाट में जेपी गंगा पथ के डाउन रैंप का निर्माण। गाय घाट से कंगन घाट होते हुए दीदारगंज तक पुराने गंगा पथ को फोरलेन किया जाएगा। इन परियोजनाओं से पटना समेत आसपास के क्षेत्रों में यातायात सुगम होगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास होगा। मुख्यमंत्री की इस यात्रा के दौरान और भी कई बड़ी घोषणाएं होने की संभावना है।