Pragati Yatra: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बहुप्रतीक्षित प्रगति यात्रा 5 फरवरी से फिर शुरू होने जा रही है। यह यात्रा 5 से 21 फरवरी तक विभिन्न जिलों में जारी रहेगी, जिसमें मुख्यमंत्री न केवल सरकारी योजनाओं की समीक्षा करेंगे, बल्कि कई योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और अवलोकन भी करेंगे। मंत्रिमंडल सचिवालय ने यात्रा का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है, जिसमें पटना जिले में समीक्षा और अवलोकन 21 फरवरी को निर्धारित है। इस अवधि के दौरान 8, 9, 12 और 17 फरवरी को कोई यात्रा नहीं होगी।
प्रगति यात्रा का विस्तृत कार्यक्रम
5 फरवरी: मुंगेर
6 फरवरी: लखीसराय, शेखपुरा
7 फरवरी: जमुई
10 फरवरी: नवादा
11 फरवरी: औरंगाबाद
13 फरवरी: गया
14 फरवरी: जहानाबाद, अरवल
15 फरवरी: बक्सर
16 फरवरी: भोजपुर
18 फरवरी: कैमूर
19 फरवरी: रोहतास
20 फरवरी: नालंदा
21 फरवरी: पटना
सासाराम में प्रगति यात्रा की तैयारियां जोरों पर
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 19 फरवरी को रोहतास जिले के सासाराम में प्रगति यात्रा के तहत पहुंचेंगे। यात्रा की तारीख तय होते ही जिला प्रशासन ने तैयारियों में तेजी ला दी है। इससे पहले 18 फरवरी को वे कैमूर जिले का दौरा करेंगे। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, कृषि, जल-जीवन-हरियाली, रोजगार और बुनियादी ढांचे से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। साथ ही वे स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से संवाद कर जमीनी हकीकत का आकलन करेंगे और विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे पर होंगे ये प्रमुख उद्घाटन और शिलान्यास
जिले में साइंस सिटी सह तारामंडल, ताराचंडी धाम में थीम पार्क समेत कई अन्य योजनाएं अभी भी निर्माणाधीन हैं। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान बिक्रमगंज के घुसियां खुर्द में बने पराली प्रबंधन इकाई और सासाराम के बेलाढ़ी में बने जिला पंचायत संसाधन केंद्र का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।
अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें जारी
मुख्यमंत्री की यात्रा को लेकर श्रम मंत्री संतोष कुमार सिंह और पूर्व मंत्री मुरारी प्रसाद गौतम ने चेनारी प्रखंड मुख्यालय और मल्हीपुर पंचायत सरकार भवन में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री का दौरा मल्हीपुर और दुर्गावती जलाशय परियोजना के लिए निर्धारित है। इसके तहत उन्होंने बादलगढ़ स्थित हेलीपैड और दुर्गावती जलाशय पर बन रहे ईको पार्क का भी जायजा लिया। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी आशुतोष रंजन, एसडीपीओ दिलीप कुमार, बीडीओ प्रियंका कुमारी, सीओ पूजा शर्मा और बीपीआरओ ओमप्रकाश समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री की इस यात्रा से बिहार के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।