Bihar Crime:जिस घर को बनाने की थी जिद, वहीं उजड़ गया सुहाग, पति ने पत्नी के सिर में मारी गोली, छह बेटियों के सिर से उठा मां का साया

Bihar Crime: मामूली कहासुनी के बाद एक पति ने अपनी पत्नी के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।...

Nalanda Husband shoots wife
छह बेटियों की मां को पति ने मारी गोली- फोटो : reporter

Bihar Crime: नालंदा  कल्याणबिगहा थाना क्षेत्र के कोलावां गांव में घरेलू विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मामूली कहासुनी के बाद एक पति ने अपनी पत्नी के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद फरार होने की कोशिश कर रहे आरोपी पति को पुलिस ने कट्टा के साथ गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि मृतका के मायके और ससुराल पक्ष में मातम पसरा है।

मृतका की पहचान 26 वर्षीय कांति देवी, पत्नी लड्डू मांझी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, लड्डू मांझी करीब दो महीने पहले दरभंगा स्थित ईंट-भट्ठे से मजदूरी कर घर लौटा था। मजदूरी से मिले पैसों से वह बाइक खरीदना चाहता था, जबकि कांति देवी घर बनाने के पक्ष में थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले से मतभेद चल रहा था।

बताया गया कि गुरुवार की देर शाम इसी मुद्दे को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि लड्डू मांझी शराब के नशे में घर पहुंचा। पत्नी ने जैसे ही दरवाजा खोला, उसने कथित तौर पर कट्टे से उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही कांति देवी की मौके पर ही मौत हो गई।

कांति देवी अपने पीछे छह बेटियों को छोड़ गई हैं। इनमें सबसे छोटी बेटी महज नौ माह की है। मां की मौत और पिता के जेल जाने के बाद इन मासूम बच्चियों की परवरिश की जिम्मेदारी अब बूढ़ी दादी लाक्षो देवी के कंधों पर आ गई है। दादी को सबसे अधिक चिंता इस बात की है कि मां के साए से वंचित इन छह बच्चियों का भविष्य अब कैसे संवरेगा।

कल्याणबिगहा थानाध्यक्ष निशा कुमारी ने बताया कि घरेलू विवाद में पति द्वारा पत्नी की गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय