नितिन नवीन की ताजपोशी से NDA में जश्न, CM नीतीश ने बताया 'ऊर्जावान सहयोगी' तो संजय झा बोले- 'बिहार के लिए गौरव'

नितिन नवीन की ताजपोशी पर गदगद हुआ NDA कुनबा सीएम नीतीश कुमार ने नितिन नवीन को 'ऊर्जावान सहयोगी' बताते हुए बधाई दी है। वहीं, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि 45 साल की उम्र में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनना बिहार के लिए गौरव की बात है।

नितिन नवीन की ताजपोशी से NDA में जश्न, CM नीतीश ने बताया 'ऊर

Patna : भारतीय जनता पार्टी द्वारा बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर बिहार के सत्ताधारी गठबंधन (NDA) में खुशी की लहर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लेकर जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने इसे बिहार के लिए गौरव का क्षण बताया है।

CM नीतीश बोले- 

अनुशासित और समर्पित नेता हैं नितिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नितिन नवीन को बधाई देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि यह खुशी की बात है कि बिहार के रहने वाले नितिन नवीन को इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिली है। सीएम ने कहा, "वे 5वीं बार विधायक निर्वाचित हुए हैं और हमारे साथ मंत्रिमंडल में ऊर्जावान सहयोगी के रूप में कार्य कर रहे हैं। वे एक समर्पित और अनुशासित राजनीतिज्ञ हैं।" मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि उनकी इस नई जिम्मेदारी से भाजपा को और मजबूती मिलेगी.

45 की उम्र में इतनी बड़ी जिम्मेदारी गौरव की बात संजय झा जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद संजय झा ने भी नितिन नवीन को बधाई दी। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा: "नितिन नवीन की उम्र अभी मात्र 45-46 साल है। इतनी कम उम्र (Young Age) में पार्टी ने उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है, यह बहुत खुशी की बात है।" संजय झा ने कहा कि यह पूरे देश और विशेषकर बिहार के लिए गौरव की बात है।

विरासत को नमन

उन्होंने नितिन नवीन के पिता स्वर्गीय नवीन किशोर सिन्हा को याद करते हुए कहा कि वे भाजपा के बहुत वरिष्ठ विधायक थे और हम सब का उनसे गहरा रिश्ता रहा है। नितिन नवीन और उनके पिता, दोनों ने संगठन के लिए लंबा काम किया है।

कांग्रेस पर साधा निशाना 'बिहार में सपाट हो गई कांग्रेस'

बधाई संदेश के अलावा, संजय झा ने कांग्रेस द्वारा पीएम मोदी पर की गई टिप्पणी (कब्र खोदने वाली बात) पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा, "कांग्रेस देख नहीं रही है कि बिहार में उनका क्या हाल हुआ है? बिहार में कांग्रेस बिल्कुल सपाट (Wiped out) हो गई है। जिस तरह की भाषा का वो प्रयोग करते हैं, जनता बार-बार उनका हिसाब करती रही है।"

पिता का लिया आशीर्वाद

इससे पहले नई जिम्मेदारी की घोषणा के बाद नितिन नवीन ने सबसे पहले अपने आवास पर स्वर्गीय पिता नवीन किशोर सिन्हा की तस्वीर पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया और फिर नई पारी की शुरुआत की.