Bihar Politics: '25 से 30 फिर से नीतीश', जदयू कार्यालय से हटाया गया सीएम नीतीश का पोस्टर, पार्टी कार्यालय में सन्नाटा
Bihar Politics: बिहार में सियासी हलचल जारी है। इसी बीच जदयू कार्यालय के बाहर से सीएम नीतीश का 25 से 30 फिर से नीतीश वाला पोस्टर हटा दिया गया है। कार्यालय के बाहर सन्नाटा पसरा हुआ है।
Bihar Politics: बिहार में राजनीति में हलचल तेज है। अगले 48 घंटे में बड़ा बदलाव होने वाला है। एक ओर जहां एनडीए में बैठकों का दौर जारी है तो वहीं जदयू कार्यालय के बाहर भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। जदयू कार्यालय के बाहर सभी पोस्टर को हटा दिया गया है। खास बात यह है कि पार्टी कार्यालय से केवल उन्हें पोस्टरों को हटाया गया है जिसमें लिखा था कि '25 से 30 फिर से नीतीश'। जदयू दफ्तर के बाहर सन्नाटा पसरा हुआ है और कुछ कर्मियों के द्वारा पोस्टर हटा दिया गया है।
जदयू दफ्तर से हटा पोस्टर
बता दें कि, बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए की ओर से नारा दिया गया था कि, '25 से 30 फिर से नीतीश'। एनडीए की ओर से कहा गया था कि सीएम नीतीश ही अगले 5 सालों के लिए बिहार के मुख्यमंत्री होंगे लेकिन नई सरकार बनने के 4 महीने के बाद ही बड़ा उलटफेर देखने को मिला और दो दशकों के बाद सीएम नीतीश की बिहार से विदाई तय हो गई। अगले 48 घंटे में सियासी स्थिति साफ हो जाएगी और बिहार को अपना नया मुख्यमंत्री भी मिल जाएगा।
जदयू विधायक दल की बैठक कल
बैठक में जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह मंत्री जमा खान और वरिष्ठ नेता बिजेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। करीब एक घंटे तक चली इस बैठक में सरकार गठन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सूत्रों के मुताबिक, जदयू विधायक दल की बैठक मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर ही आयोजित की जाएगी।
निशांत की भूमिका पर चर्चा
इस बैठक में नई सरकार में निशांत कुमार की भूमिका पर चर्चा होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि पार्टी के कई नेता चाहते हैं कि निशांत कुमार को सक्रिय राजनीति में लाकर सरकार में भागीदारी दी जाए। इससे पहले जदयू की बैठक में उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाने का निर्णय भी लिया जा चुका है। कुल मिलाकर, बिहार में सरकार गठन से पहले जदयू के भीतर मंथन तेज हो गया है और आने वाले दिनों में कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं।
पटना से नरोत्तम रिपोर्ट