Bihar News: सीएम नीतीश आज देंगे बड़ी सौगात, 2 लाख किसानों के खाते में जाएंगे 100 करोड़, चेक करें अपना बैलेंस!

Bihar News: बिहार के अन्नदाताओं के लिए आज का दिन खुशियों की सौगात लेकर आया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज एक भव्य कार्यक्रम के जरिए प्रदेश के करीब 2 लाख किसानों के बैंक खातों में ₹100 करोड़ की अनुदान राशि सीधे ट्रांसफर (DBT) करेंगे।

सीएम नीतीश
सीएम नीतीश देंगे बड़ी सौगात- फोटो : social media

Bihar News:  बिहार के अन्नदाताओं के लिए आज बेहद अहम दिन है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य के दो लाख से अधिक प्रभावित किसानों को कृषि इनपुट अनुदान की राशि जारी करेंगे। हाल के तूफान और बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान के मद्देनजर यह सहायता प्रदान की जा रही है। जानकारी अनुसार 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रिमोट के माध्यम से DBT के जरिए किसानों के बैंक खातों में 100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित करेंगे। 

बिचौलियों की भूमिका खत्म 

सरकार का दावा है कि इस प्रक्रिया से बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरीऔर विजय सिन्हा भी उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा कृषि मंत्री और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।

किसे कितनी मिलेगी सहायता?

कृषि विभाग द्वारा प्राप्त आवेदनों के सत्यापन के बाद पात्र किसानों की सूची तैयार की गई है। फसल क्षति के आधार पर अनुदान की दरें तय असिंचित क्षेत्र: ₹8,500 प्रति हेक्टेयर, सिंचित क्षेत्र: ₹17,000 प्रति हेक्टेयर और शाश्वत फसलें (जैसे गन्ना): ₹22,500 प्रति हेक्टेयर की गई हैं। न्यूनतम सहायता असिंचित क्षेत्र के लिए ₹1,000 और सिंचित क्षेत्र के लिए ₹2,000 अनिवार्य है। यह अनुदान अधिकतम 2 हेक्टेयर तक की भूमि के लिए देय होगा।

बजट में भी किसानों पर फोकस

राज्य सरकार ने बजट 2026 में भी किसानों के लिए ‘जन नायक कर्पूरी ठाकुर सम्मान निधि’ जैसी योजनाओं के जरिए अतिरिक्त आर्थिक सहयोग का प्रावधान किया है। सरकार का कहना है कि बुवाई के नए सीजन से पहले दी जा रही यह सहायता छोटे और सीमांत किसानों के लिए संबल का काम करेगी। मुख्यमंत्री के इस कदम से प्रभावित किसानों में उम्मीद जगी है कि संकट की घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है।