Bihar CM Oath Ceremony: सीएम नीतीश आज रिकॉर्ड 10वीं बार लेंगे शपथ, पीएम मोदी सहित कई दिग्गज होंगे शामिल, जानिए मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
Bihar CM Oath Ceremony: पटना का गांधी मैदान आज एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बनेगा। गांधी मैदान में 10 साल बाद शपथ ग्रहण समारोह आयोजन किया गया है और सीएम नीतीश आज रिकॉर्ड 10वीं बार सीएम पद की शपथ लेंगे।
Bihar CM Oath Ceremony: बिहार की राजनीति आज एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने जा रही है। नीतीश कुमार सुबह साढ़े 11 बजे पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में रिकॉर्ड दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। नीतीश ने पहली बार वर्ष 2000 में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, हालांकि तब उनकी सरकार केवल सात दिन ही चली थी। 2005 में दोबारा सत्ता में आने के बाद से वह लगातार नौ बार शपथ ले चुके हैं और आज यह आंकड़ा 10 हो जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर पटना में राजनीतिक हलचल तेज है। मुख्यमंत्री के साथ बीजेपी कोटे से दो डिप्टी सीएम समेत 20 अन्य नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,कई केंद्रीय मंत्री और 11 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होने वाले हैं। जिससे यह आयोजन और भी भव्य हो जाएगा।
एनडीए विधायक दल के नेता बने नीतीश
बता दें कि, बुधवार को एनडीए विधायक दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुना गया। यह बैठक विधानसभा के सेंट्रल हॉल में हुई। जिसमें केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा, यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह शामिल हुए। बैठक में सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार को नेता बनाए जाने का प्रस्ताव पेश किया। जिसे सभी विधायकों ने हाथ उठाकर समर्थन दिया।
राज्यपाल ने किया 17वीं बिहार विधानसभा को भंग
बैठक के बाद शाम पांच बजे नीतीश कुमार राजभवन पहुंचे और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मिलकर सरकार गठन का दावा पेश किया। उन्होंने एनडीए के 202 विधायकों का समर्थन पत्र भी सौंपा। इसके साथ ही उन्होंने अपना इस्तीफा भी राज्यपाल को सौंपा। जिसके बाद राज्यपाल ने 17वीं बिहार विधानसभा को भंग कर दिया और नीतीश कुमार को नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। बुधवार को सारा दिन राजनीतिक गतिविधियों से भरा रहा। पहले जदयू विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार को नेता चुना गया, जबकि भाजपा विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को नेता और विजय सिन्हा को उपनेता चुना गया। दोनों नेताओं को आज उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी।
पीएम मोदी सहित कई दिग्गज बनेंगे साक्षी
जानकारी अनुसार शपथ ग्रहण समारोह में देश की सियासत का भारी जमावड़ा होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, और एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और आईटी मंत्री नारा लोकेश भी पटना पहुंच रहे हैं और सुबह 10 बजकर 20 मिनट पर आयोजित शपथ समारोह में मौजूद रहेंगे। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भी अपनी उपस्थिति की पुष्टि की है।
पटना में कड़े इंतजाम, शपथ ग्रहण में सांस्कृतिक रंग
शपथ ग्रहण कार्यक्रम को लेकर पटना में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। गांधी मैदान और इसके आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। आम जनता का प्रवेश 20 नवंबर तक पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। बुधवार रात अमित शाह और जेपी नड्डा के पटना पहुंचने पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हेलीकॉप्टर गांधी मैदान में बने विशेष हेलीपैड पर उतरेगा। वहीं शपथ ग्रहण कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भरने के लिए भाजपा विधायक और लोकगायिका मैथिली ठाकुर तथा भाजपा सांसद मनोज तिवारी खास प्रस्तुति देंगे। दोनों करीब दो घंटे का लाइव परफॉर्मेंस करेंगे, जिसमें बिहार की लोक परंपराओं को दर्शाने वाले कार्यक्रम भी शामिल होंगे। इससे शपथ ग्रहण एक राजनीतिक मंच से आगे बढ़कर सांस्कृतिक उत्सव का रूप ले लेगा।