Vishwakarma Puja 2026: CM सम्राट चौधरी ने की पूजा-अर्चना, SSG जवानों ने दी सलामी

विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने विशेष सुरक्षा दल (SSG) परिसर समेत विभिन्न स्थलों पर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की। SSG जवानों द्वारा सलामी दिए जाने के बाद CM ने प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

Vishwakarma Puja 2026 CM at SSG office
विशेष सुरक्षा दल (SSG) के कार्यालय परिसर पूजन में शामिल हुए CM- फोटो : Reporter

पटना में विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने प्रतिमा के समक्ष मत्था टेककर प्रसाद ग्रहण किया और इस पावन अवसर पर समस्त बिहारवासियों एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं। विशेष सुरक्षा दल (SSG) के कार्यालय परिसर में पूजन के दौरान मुख्यमंत्री को SSG जवानों द्वारा औपचारिक सलामी दी गई। इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक (ADG - सुरक्षा) संजय सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। 

विभिन्न सरकारी एवं सुरक्षा परिसरों में किया पूजन

मुख्यमंत्री ने अपने पूजा कार्यक्रम की शुरुआत विशेष सुरक्षा दल के कार्यालय परिसर से की, जहाँ स्थापित भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा की आरती की गई। इसके बाद वे नवीन पुलिस केन्द्र स्थित राज्य पुलिस परिवहन मुख्यालय पहुँचे और वहाँ भी पूजा-अर्चना में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया।

विमानन विभाग से लेकर मुख्य सचिवालय तक भक्तिमय माहौल

धार्मिक अनुष्ठानों के इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने पटना हवाई अड्डा स्थित सिविल विमानन विभाग परिसर, लोक सेवक आवास परिसर तथा मुख्य सचिवालय प्रांगण में स्थापित भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमाओं के दर्शन किए। इन सभी स्थलों पर उन्होंने राज्य की निरंतर प्रगति और नागरिकों के कल्याण के लिए प्रार्थना की।

वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की रही मौजूदगी

इस अवसर पर शासन और प्रशासन के शीर्ष अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक रीता वर्मा, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के० शर्मा और पूर्व डीजीपी पी०के० ठाकुर सहित कई अन्य वरीय अधिकारी शामिल थे।