Bihar Politics: मंच पर तेजस्वी के लिए के लिए CM सम्राट ने खुद संभाला मोर्चा! सियासत में संदेश दे गया यह अंदाज
Bihar Politics: बिहार की राजनीति में अक्सर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तल्खी, तकरार और सियासी बयानबाजी सुर्खियां बनती हैं। ...
Bihar Politics: बिहार की राजनीति में अक्सर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तल्खी, तकरार और सियासी बयानबाजी सुर्खियां बनती हैं। लेकिन सोमवार को विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने राजनीतिक मंच पर शिष्टाचार और आपसी सम्मान की एक अलग तस्वीर पेश की। इस पूरे घटनाक्रम के केंद्र में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव रहे।
दरअसल, विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह के लिए मंच पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत सत्ता पक्ष के कई नेता और मंत्री मौजूद थे। मंच पर बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई थी। इसी बीच राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी समारोह में पहुंचे। लेकिन मंच पर उनके बैठने के लिए कोई कुर्सी उपलब्ध नहीं थी।
यह स्थिति मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की नजर में आई। इसके बाद उन्होंने किसी औपचारिकता या इंतजार के बजाय खुद पहल की और तेजस्वी यादव के लिए कुर्सी लगवाने की व्यवस्था कराई।
मुख्यमंत्री के बगल में बैठने की बनी व्यवस्था
इस दौरान मंच पर बैठने की व्यवस्था में भी बदलाव करना पड़ा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बगल में बैठे बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव को अपनी कुर्सी छोड़नी पड़ी। इसके बाद तेजस्वी यादव के बैठने के लिए मुख्यमंत्री के बगल में जगह बनाई गई।
इस पूरे घटनाक्रम में खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री ने स्वयं आगे बढ़कर विपक्ष के नेता के सम्मान और उनकी गरिमा का ख्याल रखा। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक और संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों के बीच शिष्टाचार का महत्व भी कम नहीं है।
सियासत में संदेश दे गया सम्राट का यह अंदाज
बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष के बीच राजनीतिक मुकाबला कोई नई बात नहीं है। दोनों अलग-अलग राजनीतिक खेमों का प्रतिनिधित्व करते हैं। विधानसभा से लेकर चुनावी मंचों तक दोनों पक्षों के बीच तीखी बयानबाजी भी होती रही है। ऐसे माहौल में शपथ ग्रहण समारोह का यह दृश्य एक अलग राजनीतिक संदेश देता नजर आया।
सत्ता का दायित्व केवल सरकार चलाना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक परंपराओं और विपक्ष की गरिमा का सम्मान करना भी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की इस पहल को इसी नजरिए से देखा जा सकता है।