Cockroach Janta Party: कॉकरोच जनता पार्टी’ ने इंस्टाग्राम पर मचाया धमाल, BJP से निकली आगे

Cockroach Janta Party: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम का सोशल मीडिया अभियान तेजी से वायरल हो रहा है। जानें कैसे 4 दिन में इसने इंस्टाग्राम पर बीजेपी को पीछे छोड़ दिया।

Cockroach Janta Party
कॉकरोच जनता पार्टी की लोकप्रियता- फोटो : social media

Cockroach Janta Party: सोशल मीडिया पर इन दिनों ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम तेजी से वायरल हो रहा है। यह एक ऑनलाइन व्यंग्य अभियान है, जिसने बहुत कम समय में इंस्टाग्राम पर बड़ी पहचान बना ली है। सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि लॉन्च के सिर्फ चार दिनों के अंदर इस अकाउंट ने 90 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स जुटा लिए और फॉलोअर्स के मामले में बीजेपी के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट को भी पीछे छोड़ दिया।

इंस्टाग्राम पर @cockroachjantaparty नाम से चल रहे इस अकाउंट ने 20 मई तक 9.3 मिलियन यानी करीब 93 लाख फॉलोअर्स हासिल कर लिए। वहीं बीजेपी के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट @bjp4india पर करीब 8.7 मिलियन फॉलोअर्स हैं। हालांकि कांग्रेस अभी भी इस मामले में सबसे आगे है। कांग्रेस के इंस्टाग्राम अकाउंट @incindia पर लगभग 13.2 मिलियन फॉलोअर्स मौजूद हैं। आम आदमी पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 1.9 मिलियन फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं।

16 मई को शुरू हुआ था अभियान

यह अभियान 16 मई को शुरू हुआ था। बताया जा रहा है कि इसकी शुरुआत युवाओं ने एक व्यंग्य आंदोलन के रूप में की। सोशल मीडिया पर चर्चा है कि सुप्रीम कोर्ट की एक सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस सूर्यकांत की कथित टिप्पणी के बाद इस अभियान को शुरू किया गया। पहले यह मजाकिया अंदाज में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शुरू हुआ, लेकिन बाद में तेजी से वायरल हो गया। इसके अगले दिन इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया गया और फिर इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती चली गई।

78 घंटे के अंदर 30 लाख फॉलोअर्स

यह प्लेटफॉर्म खुद को युवाओं का, युवाओं के लिए और युवाओं द्वारा बनाया गया राजनीतिक मंच बताता है। अकाउंट पर किए गए पोस्ट में बेरोजगारी, परीक्षा पेपर लीक, राजनीतिक जवाबदेही और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाया जा रहा है। यही वजह है कि बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़ते जा रहे हैं। इस अकाउंट की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लॉन्च के सिर्फ 78 घंटे के अंदर इसके 30 लाख फॉलोअर्स हो गए थे। इसके बाद फॉलोअर्स की संख्या तेजी से बढ़ती गई और चार दिनों में 90 लाख पार पहुंच गई। खास बात यह है कि इस अकाउंट पर अब तक केवल 56 पोस्ट ही डाले गए हैं। इसके बावजूद इसने कई बड़े राजनीतिक संगठनों के सोशल मीडिया प्रभाव को चुनौती दे दी है। तुलना करें तो बीजेपी के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर अब तक 18 हजार से ज्यादा पोस्ट किए जा चुके हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर फॉलोअर्स

बीजेपी को इंस्टाग्राम पर पीछे छोड़ने के बाद इस अभियान ने सोशल मीडिया पर कई तंज भरे पोस्ट भी किए। एक पोस्ट में लिखा गया, युवाओं की ताकत को कम मत आंकिए। वहीं एक दूसरे पोस्ट में “वर्ल्ड लार्जेस्ट पार्टी दे सेड” लिखकर बीजेपी पर कटाक्ष किया गया। यह अभियान सिर्फ इंस्टाग्राम तक सीमित नहीं है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी इसके करीब 1.65 लाख फॉलोअर्स हो चुके हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह ट्रेंड युवाओं के बीच बढ़ती नाराजगी और सोशल मीडिया के जरिए अपनी बात रखने की नई सोच को दिखाता है।