Bihar Politics: पटना में कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम मोदी का फूंका पुतला, राजेश राम ने दी चेतावनी, विधायकों पर होगी कार्रवाई !
Bihar Politics: पटना में कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन किया और पीएम मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी का पुतला भी फूंका। राजेश राम ने सभी विधायको को सख्त चेतावनी भी दी।
Bihar Politics: बिहार में राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। पांच सीटों पर हुई वोटिंग में महागठबंधन के चार विधायक मतदान से अनुपस्थित रहे, जिनमें तीन कांग्रेस विधायक शामिल थे। इसको लेकर कांग्रेस ने एनडीए पर “वोट चोरी” और “विधायक तोड़ने” का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। पटना स्थित सदाकत आश्रम के मुख्य गेट के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम भी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने हॉर्स ट्रेडिंग के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही बीजेपी पर कांग्रेस विधायकों को बंधक बनाने का आरोप भी लगाया।
पीएम मोदी का फूंका पुतला
प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी जिंदाबाद, विधायक चोरी बंद करो और वोट चोर गद्दी चोर जैसे नारे लगाए गए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता ने पुतला भी फूंका। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि पार्टी के कुछ विधायक दबाव में हैं और पूरी प्रक्रिया के बाद अचानक उनका रुख बदल गया। उन्होंने कहा कि संबंधित विधायकों से बातचीत के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि जो भी विधायक पार्टी लाइन से हटे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
महागठबंधन पर आरोप
वहीं, मनिहारी से कांग्रेस विधायक मनोहर प्रसाद सिंह ने महागठबंधन पर आरोप लगाया कि दलित, अल्पसंख्यक और ओबीसी वर्ग की अनदेखी करते हुए उम्मीदवारों का चयन किया गया, जिसके विरोध में उन्होंने मतदान का बहिष्कार किया। फारबिसगंज के विधायक मनोज विश्वास ने भी पार्टी नेतृत्व पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब विधायकों को सम्मान नहीं मिलेगा तो वोट देने का कोई मतलब नहीं है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वे पार्टी की किसी भी कार्रवाई के लिए तैयार हैं।
नेताओं ने बताया क्यों नहीं दिया वोट
इधर, ढाका से राजद विधायक फैसल रहमान ने मतदान में शामिल नहीं होने की वजह पारिवारिक बताई। उन्होंने कहा कि वे अपनी बीमार मां के इलाज के लिए दिल्ली में थे। कांग्रेस विधायक सुरेंद्र कुशवाहा ने भी उम्मीदवार चयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि महागठबंधन ने सही उम्मीदवार नहीं चुना, इसलिए उन्होंने मतदान से दूरी बनाई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार दबाव की राजनीति कर रही है और विधायकों को प्रभावित किया जा रहा है।
पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट